AAP ने भी लड़ा था कर्नाटक विधानसभा चुनाव, जानें क्या रहा केजरीवाल की पार्टी का हाल?

punjabkesari.in Sunday, May 14, 2023 - 10:42 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। कल यानी शनिवार को 224 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के नतीजों को ऐलान कर दिया गया। चुनाव आयोग के मुताबिक, कर्नाटक में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिला है। कांग्रेस ने राज्य में एकतरफा जीत हासिल करते हुए 135 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को 66 सीटें मिली हैं और जेडीएस को 19 सीटों पर ही जीत हासिल हुई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहली बार कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों को उतारा। कर्नाटक में आम आदमी पार्टी को बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी।

100 से अधिक सीटों पर जमानत जब्त
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी को सफलता मिलने के बाद कर्नाटक चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। आम आदमी पार्टी ने सभी 224 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार थे। लेकिन आम आदमी पार्टी को कर्नाटक में बड़ा झटका लगा है। AAP को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है और 100 से अधिक सीटों पर AAP के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली, पंजाब, गुजरात के बाद कर्नाटक दिल्ली मॉडल लागू करने की बात कही थी।

जानें कितने मिले वोट
कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 1 प्रतिशत से भी कम वोट मिले हैं। राज्य में AAP को नोटा से भी कम लोगों ने पसंद किया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में करीब ढाई लाख (0.69%) लोगों ने नोटा का बटन दबाया है। वहीं AAP को 0.58 प्रतिशत ही वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस को 42.88 प्रतिशत, भाजपा को 36 प्रतिशत, जेडीएस को 13.29 प्रतिशत वोट मिले हैं। इसके अलावा, समाजवादी पार्टी को 0.03 प्रतिशत, बीएसपी को 0.31 प्रतिशत, सीपीआई को 0.02 प्रतिशत, सीपीआईएम को 0.06 प्रतिशत, आआईएमआईएम को 0.02 प्रतिशत वोट मिले हैं।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News