आम आदमी क्लीनिकों ने मरीजों के बचाए 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 24, 2024 - 05:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किए गए आम आदमी क्लीनिक लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। आम आदमी क्लीनिक में अब तक 2 करोड़ 7 लाख मरीजों का इलाज हो चुका है। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, इस पहल से मरीजों को करीब एक हजार करोड़ रुपए की बचत हुई है।
PunjabKesari
पंजाब में पहले से ही 842 आम आदमी क्लीनिक काम कर रहे हैं और हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 30 और आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किए, जिसके साथ अब पंजाब में कुल 872 क्लीनिक चालू हो गए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जनता को समर्पित 30 क्लीनिकों में बठिंडा में 5, होशियारपुर में 2, मानसा में 7, मोगा में 3, पटियाला में 6, एस. एक. एस. नगर मोहाली में 5 क्लीनिक और श्री मुक्तसर साहिब में 2 क्लीनिक हैं। इन क्लीनिकों में कुल 80 प्रकार की दवाएं और 38 जांचें निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।

इन क्लीनिकों में 72 लाख से अधिक डायग्नोस्टिक परीक्षण निःशुल्क किए गए हैं। इन सुविधाओं ने राज्य के लोगों की स्वास्थ्य देखभाल पर होने वाले 1050 करोड़ रुपए के खर्च को बचाने में योगदान दिया है। इसके साथ ही पंजाब सरकार दवाओं की खरीद और आपूर्ति श्रृंखला के केंद्रीकरण को मजबूत कर रही है। सी. एम. औंस/एस. एम.आउंस को स्थानीय स्तर पर दवाएं खरीदने के लिए अधिकृत किया गया है। इस पहल से मरीजों को करीब 102.98 करोड़ रुपए की बचत हुई है।
PunjabKesari
सभी माध्यमिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर मुफ्त एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। 512 निजी एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड केंद्रों को नाममात्र सरकारी निर्धारित दरों पर सेवाएं प्रदान करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है और इसके अलावा मौजूदा सरकारी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड की संख्या 650 से बढ़कर 1350 हो गई है, जबकि एक्स-रे की संख्या 3,000 से बढ़कर 4,200 हो गई है। अब तक कुल 7.52 लाख रोगियों (5.67 लाख ने एक्स-रे सेवाएं और 1.85 लाख यूएसजी सेवाएं प्राप्त की) ने इन सेवाओं का लाभ उठाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News