IMD Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 6 राज्यों में बारिश, 15 राज्यों में घनी धुंध और भीषण शीत लहर का रेड अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 10:17 AM (IST)
नेशनल डेस्क: देश इस समय कड़ाके की सर्दी की चपेट में है और ठंड ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राजधानी दिल्ली में बीता दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे दिल्ली पहाड़ी शहर शिमला से भी ज्यादा ठंडी महसूस की गई। उत्तर भारत में हालात और भी गंभीर हैं। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री और अमृतसर में 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम में पारा सीधे 0 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि सिरसा और सोनीपत समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री के आसपास रहा।
15 राज्यों में रेड अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के करीब 15 राज्यों के लिए घने कोहरे और भीषण शीत लहर का Red Alert जारी किया है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के 6 राज्यों में बारिश को लेकर Yellow Alert घोषित किया गया है। IMD ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 18 जनवरी तक भीषण ठंड और घने से बहुत घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। इसी अवधि में पंजाब और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने की भी संभावना है।
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) January 12, 2026
कोहरे ने रोका हवाई यातायात, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बेहद कम दृश्यता के चलते कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ विमानों को उड़ान के बाद वापस लौटना पड़ा। रात के समय कोहरा इतना घना रहा कि रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।
पश्चिमी विक्षोभ फिर होगा सक्रिय, ठंड और बढ़ेगी
मौसम विभाग के मुताबिक, कोमोरीन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पश्चिमी हवाओं के साथ एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत में करीब 100 समुद्री मील प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम बह रही है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। वहीं 15 जनवरी 2026 से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार
IMD के अनुसार, 15 से 18 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। 17 और 18 जनवरी को पंजाब के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
#WATCH | Delhi: Visuals around the Akshardham area as a layer of smog engulfs the national capital.
— ANI (@ANI) January 13, 2026
AQI (Air Quality Index) around the area is 405, categorised as 'Severe', as claimed by CPCB (Central Pollution Control Board). pic.twitter.com/qs0600M5pD
घना कोहरा और शीत लहर का कहर जारी
मौसम विभाग ने बताया है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में 14 जनवरी तक और कुछ इलाकों में 18 जनवरी तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 जनवरी तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जनवरी तक और कुछ इलाकों में 14 से 16 जनवरी के बीच कोहरा बने रहने का अनुमान है। इसके अलावा जम्मू मंडल में 16 जनवरी तक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में 17 जनवरी तक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 जनवरी तक, जबकि असम और मेघालय में 16–17 जनवरी को घना कोहरा छा सकता है।
कई राज्यों में शीत लहर का अलर्ट
IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 14 जनवरी को भीषण शीत लहर चलने की आशंका है। राजस्थान और ओडिशा में 14 और 15 जनवरी को, जबकि झारखंड में 14 से 16 जनवरी तक शीत लहर का असर देखने को मिल सकता है।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, बुजुर्गों और बच्चों का खास ध्यान रखने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। आने वाले कुछ दिन ठंड और कोहरे के लिहाज से चुनौतीपूर्ण बने रह सकते हैं।
