''कई बार पीटा, जलाया और...'', महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी 3 साल की बच्ची पर ढाया कहर
punjabkesari.in Monday, Apr 07, 2025 - 04:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक मां और उसके प्रेमी पर अपनी तीन साल की बच्ची को बेरहमी से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वाईएसआर कॉलोनी में रहने वाले लोगों के अनुसार, वंदना नाम की महिला और उसके प्रेमी श्रीराम ने तीन साल की मासूम प्रसन्ना को लगातार शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों मिलकर बच्ची को मारते थे और उसे जलाते भी थे। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बच्ची को बचाया।
'बच्ची गर्म पानी के बर्तन में गिर गई थी'
आरोपियों ने दुर्व्यवहार को छिपाने की कोशिश करते हुए दावा किया कि बच्ची गर्म पानी के बर्तन में गिर गई थी। हालांकि, पुलिस को बच्ची के शरीर पर जलने के निशान और चोटों के गंभीर निशान मिले, जो शारीरिक शोषण की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस ने वंदना और श्रीराम को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर बाल शोषण और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। बच्ची का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। यह घटना एक बार फिर बच्चों के खिलाफ होने वाले अत्याचारों की भयावहता को उजागर करती है।