Chandra Grahan 2026: आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा! अब इस दिन लगेगा साल का दूसरा चंद्र ग्रहण
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 01:25 PM (IST)
नेशनल डेस्क: साल 2026 खगोलविदों के लिए अब तक काफी रोमांचक रहा है। इस साल एक सूर्य और एक चंद्र ग्रहण पहले ही लग चुके हैं। हाल ही में 3 मार्च को पहला चंद्र ग्रहण देखा गया। अब दुनिया की नजर साल के दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण पर टिकी है, जो अगस्त 2026 में लगेगा और अपनी दृश्यता और लाल रंग के कारण खास माना जा रहा है।
ब्लड मून चंद्रमा लाल दिखाई देगा
विज्ञान में इसे ब्लड मून कहा जाता है। इस दौरान चंद्रमा का बड़ा हिस्सा तांबे जैसे लाल रंग में दिखाई देगा। इसका कारण यह है कि पृथ्वी की परछाई से गुजरती सूर्य की किरणें वायुमंडल में मुड़ जाती हैं और चांद पर पड़ती हैं, जिससे उसका रंग गहरा लाल दिखाई देता है।
चंद्र ग्रहण की तारीख और समय
- 2026 का दूसरा चंद्र ग्रहण 27 और 28 अगस्त की रात को लगेगा।
- वैश्विक समय (UTC) अनुसार ग्रहण 01:23 UTC पर शुरू होगा।
- इसका सबसे शानदार दृश्य 04:41 UTC पर दिखेगा।
- ग्रहण की समाप्ति 07:02 UTC पर होगी।
- भारत में समयानुसार ग्रहण सुबह 06:53 से दोपहर 12:32 बजे तक रहेगा।
भारत में नहीं दिखाई देगा
हालांकि यह चंद्र ग्रहण आकाश में एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा, लेकिन भारत में इसे देखा नहीं जा सकेगा। इसका कारण यह है कि ग्रहण के समय भारत में दिन होगा और सूरज की रौशनी चांद को ढक देगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देता, तो उसका सूतक काल भी लागू नहीं होता।
ग्रहण का विशेष दृश्य
खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार यह एक आंशिक चंद्र ग्रहण है, लेकिन दिखने में यह लगभग पूर्ण ग्रहण जैसा लगेगा। पृथ्वी की छाया चंद्रमा के लगभग 93 प्रतिशत हिस्से को ढक देगी। इस दौरान चंद्रमा लाल रंग में चमकते हुए दिखाई देगा, जो खगोल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक होगा।
किन देशों में दिखाई देगा
इस चंद्र ग्रहण को उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका के पश्चिमी हिस्से और पूर्वी प्रशांत महासागर व अटलांटिक क्षेत्र में देखा जा सकेगा। वहां रहने वाले लोग इसे सीधे आकाश में देख सकेंगे। यह चंद्र ग्रहण खगोल विज्ञान और प्राकृतिक सुंदरता का संगम है, और दुनिया भर के खगोलविदों के लिए यह साल का सबसे रोमांचक खगोलीय दृश्य माना जा रहा है।
