गुजरात के सूरत में गिरी छह मंजिला इमारत, 7 लोगों की मौत, मचा हाहाकार

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2024 - 06:00 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात के सूरत शहर में छह मंजिला इमारत ढहने की घटना में रात में छह और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इमारत के किराएदारों से किराया वसूलने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर तथा इमारत के दो मालिकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पाल इलाके में स्थित यह आवासीय इमारत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी और शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे ढह गई।

सूरत पुलिस ने एक बयान में कहा कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की दो टीम, पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी शामिल थे। करीब तीन घंटे के अभियान के बाद वे कशिश शर्मा नाम की 20 वर्षीय महिला को निकालने में सफल रहे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

एक अधिकारी ने पहले बताया था कि शनिवार रात को एक व्यक्ति का शव निकाला गया। पुलिस के अनुसार बचाव दल ने बाद में मलबे से छह और शव निकाले। साचिन जीआईडीसी पुलिस थाने के निरीक्षक जिग्नेश चौधरी ने बताया कि रात भर चले अभियान में मलबे से कुल सात शव बरामद किए गए हैं।

बयान में कहा गया है कि मृतकों में से ज्यादातर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कपड़ा मजदूर थे। इंस्पेक्टर चौधरी ने बताया कि इमारत के मालिक राज काकड़िया और उनकी मां रमीलाबेन काकड़िया तथा निवासियों से किराया वसूलने वाले अश्विन वेकारिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वेकारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News