अस्पताल के बाहर मुंह में इंसान की टांग दबाए घूमता दिखा कुत्ता! Video वायरल होते ही प्रशासन में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक चौंकाने वाली घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक कुत्ता इंसान का कटा हुआ पैर मुंह में दबाए अस्पताल परिसर के आसपास घूमता नजर आया। मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया।

यह घटना अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (AIMSS), चमियाना से जुड़ी है। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत जांच के आदेश दिए और फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की।

सर्जरी के बाद बायोमेडिकल वेस्ट में रखा गया था अंग

अस्पताल के एमएस डॉ. सुधीर शर्मा के अनुसार, 19 फरवरी को CTVS विभाग में एक मरीज की घुटने के ऊपर अम्प्यूटेशन सर्जरी की गई थी। ऑपरेशन के बाद काटे गए अंग को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बायोमेडिकल वेस्ट बैग में पैक कर अस्पताल के बायोमेडिकल वेस्ट कॉम्प्लेक्स में रखा गया था। इसे अधिकृत एजेंसी Enviro Engineers द्वारा उठाया जाना था।

लापरवाही से खुला रह गया दरवाजा

जांच में सामने आया कि 21 फरवरी की रात कचरा स्थानांतरित करते समय बायोमेडिकल वेस्ट कॉम्प्लेक्स का दरवाजा खुला छोड़ दिया गया। आशंका है कि इसी दौरान किसी आवारा कुत्ते ने बैग फाड़कर अंग बाहर निकाल लिया। अगले दिन परिसर के बाहर खाली बैग मिला, लेकिन अंग का पता नहीं चला।

24 फरवरी को वही कुत्ता इंसानी अंग मुंह में दबाए नजर आया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया।

जिम्मेदारों को नोटिस, सख्त कार्रवाई के संकेत

अस्पताल प्रशासन ने उस रात ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मचारियों और संबंधित सैनिटेशन सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जवाब मिलने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ठेकेदार को बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित भंडारण और समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी को भी अस्पताल परिसर से कचरा तय समय पर उठाने के लिए कहा गया है।

उठे बड़े सवाल

इस घटना ने अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों में दहशत है और प्रशासन पर पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News