एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने उठाया खौफनाक कदम, सोते हुए परिवार पर डाला तेजाब, शादीशुदा से करना चाहता था लव मैरिज
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 02:54 AM (IST)
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शेरगढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी युवक ने एकतरफा प्यार के जुनून में सोते हुए एक पूरे परिवार पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में महिला, उसका पति और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
मच्छरदानी काटकर फेंका तेजाब
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात शनिवार तड़के शेरगढ़ इलाके में हुई। गर्मी के कारण पीड़ित परिवार अपने घर के बरामदे में मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुआ और मच्छरदानी के माध्यम से सोते हुए परिवार पर ज्वलनशील पदार्थ (तेजाब) फेंक दिया। सुबह करीब 6 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
शादी से इनकार करने पर दी खौफनाक सजा
पुलिस जांच में पता चला है कि इस हमले के पीछे की मुख्य वजह एकतरफा प्यार और सनक थी। आरोपी की पहचान उमेश कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश खुद शादीशुदा होने के बावजूद पीड़िता लक्ष्मी देवी से शादी करने का दबाव बना रहा था। जब लक्ष्मी ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो उसने रंजिश पाल ली और पूरे परिवार को खत्म करने की नियत से उन पर हमला कर दिया।
जिला अस्पताल रेफर, आरोपी की तलाश जारी
तेजाब के छींटे गिरने से परिवार के चारों सदस्य बुरी तरह घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत शेरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एक सदस्य को बरेली के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मीरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी उमेश कश्यप की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
