बड़ा हादसा: खदान में नहाने गए 9 किशोर डूबे; तलाश में जुटी SDRF की टीम
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 01:46 AM (IST)
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में मक्सी रोड स्थित ग्राम करौंदिया में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां पत्थर की एक गहरी खदान में नहाने गए 9 किशोर पानी में डूब गए। समय रहते प्रशासन और रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से 7 किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन 2 किशोर अब भी लापता हैं।
अनजान थे खदान की गहराई से
जानकारी के मुताबिक, ये सभी किशोर एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर खदान पर नहाने पहुंचे थे। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि खदान करीब 60 से 70 फीट गहरी है। जैसे ही वे पानी में उतरे, गहराई अधिक होने के कारण वे डूबने लगे और वहां अफरा-तफरी मच गई। बचाए गए किशोरों की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है।
अंधेरे और गहराई के कारण रेस्क्यू में बाधा
घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि अनस (16) और शुभम (16) नाम के दो किशोर अभी भी लापता हैं। रेस्क्यू टीम अंडरवॉटर कैमरे और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से उनकी तलाश कर रही है, लेकिन पानी की गहराई और रात के अंधेरे ने बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
प्रशासनिक मुस्तैदी
SDRF प्रभारी पुष्पेंद्र त्यागी ने बताया कि उनकी टीम, जिसमें सनी परमार, सुरेश सोलंकी और अन्य सदस्य शामिल हैं, लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। प्रशासन और बचाव दल देर रात तक मौके पर डटे रहे, हालांकि अभी तक लापता किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
