8th Pay Commission: सैलरी कब बढ़ेगी और एरियर कब आएगा खाते में? जानिए पूरी अपडेट

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 08:44 AM (IST)

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी और पेंशनर्स इन दिनों एक ही सवाल पूछ रहे हैं — 8वां वेतन आयोग आखिर कब लागू होगा और बढ़ी हुई सैलरी का एरियर कब मिलेगा? सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन अंतिम तारीख को लेकर अभी भी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।

क्या है अभी तक की स्थिति?
सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग की शर्तें (Terms of Reference) मंजूर कर दी थीं। आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। कुछ सदस्यों और चेयरपर्सन की नियुक्ति भी हो चुकी है। हालांकि, लागू करने की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।

कब से लागू हो सकता है नया वेतन?
अगर पिछली परंपरा को देखा जाए, तो संभावना है कि नई सैलरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाए। इससे पहले 7th Pay Commission की अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रही है। ऐसे में नया वेतन ढांचा 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो सकता है, भले ही इसकी घोषणा बाद में हो।

एरियर कब मिलेगा?
अगर आयोग अपनी रिपोर्ट तय समय में दे देता है और सरकार उसे मंजूरी दे देती है, तो एरियर 1 जनवरी 2026 से जोड़ा जा सकता है। मतलब, भले ही बढ़ी हुई सैलरी बाद में मिले, लेकिन हिसाब 1 जनवरी 2026 से लगाया जा सकता है। हालांकि असली भुगतान सरकार की मंजूरी और लागू करने की तारीख पर निर्भर करेगा।

कितनी बढ़ सकती है सैलरी?
अब सबसे बड़ा सवाल — बढ़ोतरी कितनी होगी?

पिछले अनुभव के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि सैलरी में 20% से 35% तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

  • 6th Pay Commission में औसतन करीब 40% तक बढ़ोतरी हुई थी।
  • 7th Pay Commission में लगभग 23–25% असर देखा गया था।

कर्मा मैनेजमेंट ग्लोबल कंसल्टिंग सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य विजन अधिकारी प्रतीक वैद्य ने कहा कि अपेक्षाएं इतिहास और आज की अर्थव्यवस्था से आकार ले रही हैं। इस बार फिटमेंट फैक्टर 2.4 से 3.0 के बीच रह सकता है, लेकिन यह सिर्फ अनुमान है। अंतिम फैसला महंगाई, सरकारी खजाने की स्थिति और आर्थिक हालात पर निर्भर करेगा।

आधिकारिक वेबसाइट शुरू, सुझाव मांगे गए
सरकार ने 8वें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू कर दी है। मंत्रालयों, विभागों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे गए हैं। सुझाव भेजने की अंतिम तारीख 16 मार्च 2026 तय की गई है। इससे साफ है कि प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट आने में समय लगेगा।

कर्मचारियों को साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह

  • इसी बीच एक नया साइबर फ्रॉड सामने आया है। कुछ लोग व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर 8वें वेतन आयोग की नई सैलरी का “पहले से कैलकुलेशन” दिखाने का लालच दे रहे हैं।
  • इन मैसेज में एक लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। यह फाइल खतरनाक हो सकती है और मोबाइल का कंट्रोल ठगों के हाथ में दे सकती है।
  • सरकार ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

क्यों है यह खबर अहम?
8वां वेतन आयोग एक करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय और भविष्य की योजना को सीधे प्रभावित करेगा। फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि अगर एरियर मंजूर होता है, तो उसकी गणना 1 जनवरी 2026 से की जा सकती है। लेकिन असली बढ़ी हुई सैलरी और एरियर कब खाते में आएगा, इसका फैसला सरकार की अंतिम मंजूरी के बाद ही होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News