CEC को हटाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने 700 से ज्यादा को हिरासत में लिया

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 02:49 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर और आस-पास के इलाकों से AAP नेताओं और कई छात्र संगठनों के सदस्यों समेत 700 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि उस जगह पर किसी भी तरह की अनधिकृत भीड़ को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे।  

राजनीतिक दल और AISA, SFI, NSUI और अन्य छात्र संगठनों के सदस्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) में कथित अनियमितताओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर हो रहा है। पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई थी और जंतर-मंतर व आस-पास के इलाकों से लगभग 700 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। 

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे SFI के करीब 700 सदस्यों को अशोक रोड गोलचक्कर पर रोका गया और उनमें से कई को हिरासत में ले लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी नॉर्थ एवेन्यू पर विरोध स्थल की ओर जाने से रोका। हिरासत में लिए गए लोगों में AAP नेता सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और आतिशी शामिल थे। 

पुलिस की कार्रवाई के दौरान AISA, SFI, NSUI और अन्य छात्र संगठनों के कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने जंतर-मंतर और उसके आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं; अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं और प्रदर्शनकारियों को वहां पहुंचने से रोकने के लिए कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। फिरोज शाह रोड पर कई प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड पार करने की कोशिश करते देखा गया जबकि पुलिस उन्हें जंतर-मंतर की ओर जाने से रोकने की कोशिश कर रही थी। 

दिल्ली पुलिस के जवान बार-बार सार्वजनिक घोषणाएं करके लोगों से जंतर-मंतर पर जमा न होने के लिए कह रहे थे, क्योंकि विरोध स्थल पर किसी भी तरह के जमावड़े की अनुमति नहीं थी। पुलिस ने कहा कि इलाके में अनधिकृत जमावड़े को रोकने के लिए ये गिरफ्तारियां की गईं। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा इंतजोमों के तहत दिल्ली मेट्रो ने भी मध्य दिल्ली के करीब स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट को कुछ समय के लिए बंद कर दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News