मातम में बदलीं सगाई की खुशियां: 3 वाहनों की भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, चीख-पुकार से दहला महाराष्ट्र
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 12:50 PM (IST)
Jalgaon Road Accident : महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मंगलवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार, मोटरसाइकिल और बस के बीच हुई जोरदार त्रिकोणीय टक्कर (Triple Accident) में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हादसे की पुष्टि पुलिस प्रशासन ने की है। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग गुजरात में एक सगाई समारोह (Engagement Function) की खुशियों में शामिल होने जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही मातम पसर गया।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब सात बजे जलगांव के अमलनेर में लोंढे फाटा के पास हुई। इस मौके पर अधिकारी ने बताया कि कार में सवार लोग गुजरात से एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे तभी उनकी गाड़ी की एक मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल विपरीत दिशा से आ रही एक बस से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में कार सवार चार लोगों - नंदलाल महाजन, अनीता महाजन, सुरेश महाजन और निर्मला महाजन तथा दो मोटरसाइकिल सवारों की मौत हो गई जिनकी पहचान नीलेश तावड़े और फाल्गुनी भोई के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली में सुबह से ही सताने लगी गर्मी, पारा सामान्य से ऊपर, दोपहर में चलेंगी तेज हवाएं
वहीं अधिकारी ने बताया कि कार चालक आदित्य महाजन के पैरों में फ्रैक्चर हो गए और उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में पुलिस और चिकित्सा टीमों की मदद की। फिलहाल पुलिस इस घटना की गहनता से जांच कर रही है।
