2019 के आम चुनाव नहीं होंगे भाजपा के लिए आसान: टीआरएस

punjabkesari.in Monday, Dec 18, 2017 - 05:00 PM (IST)

हैदराबाद: तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के एक वरिष्ठ नेता ने आज कहा कि गुजरात में भाजपा का उम्मीद से कम प्रदर्शन बताता है कि 2019 के आम चुनाव राजग की अगुवाई करने वाली इस पार्टी के लिए आसान नहीं होने जा रहे हैं। 

2019 की राह आसान नहीं 
लोकसभा में टीआरएस के नेता ए.पी. जितेंद्र रेड्डी ने मीडिया से कहा, ‘‘(गुजरात विधानसभा चुनाव का) अहम संदेश यह है कि 2019 के चुनाव में मुकाबला भाजपा के लिए कोई आसान नहीं होने जा रहा है। उसे (भाजपा को) मूल तौर पर अपने प्रशासन को फिर से परखना होगा।’’  वैसे भाजपा इस पश्चिमी प्रांत में सत्ता में लौटने वाली है लेकिन रेड्डी इस चुनावी जनादेश को भाजपा के लिए झटके के तौर पर देखते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित ही (यह झटका है।) करीब 100 (दोपहर तक पेश आंकड़े) सत्ता में वापसी नहीं है (यह उससे अधिक होना चाहिए था।)’’ 

नोटबंदी और जीएसटी का असर 
रेड्डी ने कहा, ‘‘मैं इसे नोटबंदी और जीएसटी का असर मानता हूं। भाजपा सरकार ने जो कुछ किया, वह लोगों को वाकई पसंद नहीं आया, यही मतपत्र परिणाम है जो उन्होंने दिया है।’’  इस बीच तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री टी. रामाराव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश में उनकी पार्टी की जीत पर बधाई दी। उन्होंने गुजरात में कड़ी टक्कर देने के लिए कांग्रेस की भी सराहना की। वैसे तेलंगाना में भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने मिठाई बांटकर भाजपा की जीत का जश्न मनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के लक्ष्मण ने कहा कि दोनों राज्यों में जीत उस विश्वास का परिणाम है जो लोगों ने मोदी पर जताया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News