होली के दिन 2 लड़को ने लड़की से किया रे''प, फिर कर दिया ये घिनौना काम
punjabkesari.in Friday, Mar 14, 2025 - 12:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान के डीग जिले में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दो नाबालिग लड़कों ने 15 साल की एक लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश है। यह घटना डीग जिले में होली के दिन गुरुवार को हुई। लड़की के दादा ने खोह पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार होली के दिन शाम को घर से 500 मीटर की दूरी पर कीर्तन कार्यक्रम चल रहा था। लड़की का पूरा परिवार वहीं गया हुआ था और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान दो लड़के घर में घुसे और लड़की के साथ दुष्कर्म किया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने लड़की का गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए। जब परिवार वाले कीर्तन से वापस आए तो उन्होंने लड़की को मृत पाया।
पीड़ित और आरोपी
पीड़ित लड़की 15 साल की थी और वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। दो साल पहले ही बीमारी के कारण उसके पिता का निधन हो गया था। वह अपने परिवार की जिम्मेदार सदस्य थी और उनकी देखभाल करती थी। आरोपी दोनों नाबालिग हैं और उनकी पहचान अभी तक उजागर नहीं की गई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के गले पर निशान मिले हैं जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की है लेकिन अभी तक आरोपी पकड़े नहीं गए हैं। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।
परिजनों की प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वे अपनी बेटी को खो चुके हैं और उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उन्हें मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी गुस्सा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।