शादी के जश्न में मची चीख-पुकार! डीजे की धुन पर नाच रहे थे बाराती, तभी बेकाबू कार ने 19 लोगों को रौंद डाला
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 09:40 AM (IST)
Jaipur Bassi Road Accident : राजस्थान में बीते 24 घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातों ने प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। जयपुर के बस्सी में जहां एक तेज रफ्तार कार ने शादी के जश्न में भंग डाल दिया वहीं जालोर में एक दामाद की सनक ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया।
हादसा 1: बस्सी में नाचते-गाते बारातियों पर चढ़ी कार
जयपुर के बस्सी इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां दामोदरपुरा एनटीपीसी के पास मालियों की ढाणी में 'मायरा' (भात) की रस्म निभाई जा रही थी। परिवार के लोग डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे तभी एक बेकाबू कार अचानक भीड़ में घुस गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को भागने का मौका भी नहीं मिला। हादसे के बाद जश्न की जगह चीख-पुकार मच गई। इस घटना में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत बस्सी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को जयपुर के SMS अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसा 2: जालोर में दामाद की हैवानियत, कटी हुई नाक लेकर भागा
जालोर जिले के डूंगरी (बंधा गांव) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर आई है। यहां सोहनलाल नामक शख्स ने अपनी ही सास पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। पारिवारिक विवाद से गुस्साए सोहनलाल ने अपनी सास की नाक काट दी और कटा हुआ हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गया। आरोपी का अपनी पत्नी और ससुराल वालों से करीब एक साल से विवाद चल रहा था। पंचायत और समुदाय की समझाइश के बाद भी मामला सुलझा नहीं था जिसका बदला लेने के लिए उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
