पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा तनावः रियाद एयरपोर्ट पर हुए हूती हमले में एक भारतीय समेत 13 की मौ'त; 300 से अधिक घायल

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 10:31 PM (IST)

रियाद/नई दिल्ली: रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हुए भीषण हूती हमले में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की रविवार को मौत हो गई। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है।

हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने की मृतक की पहचान
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मृतक की पहचान मोहम्मद यूसुफ अली के रूप में की है। ओवैसी के अनुसार, इस हमले में यूसुफ अली की पत्नी, दो बेटे और उनकी चाची भी घायल हुई हैं। उनके एक बेटे के घुटने की सर्जरी की जा रही है, जबकि दूसरे बेटे के पैर की तीन उंगलियां कट गई हैं। वहीं, उनकी चाची के सिर में चोट आई है, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं।

PunjabKesari
11 भारतीय घायल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जताया शोक
शनिवार को हुए इस हमले में कुल 12 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे, जिनमें कम से कम 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मोहम्मद यूसुफ अली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार को रियाद स्थित भारतीय मिशन के माध्यम से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। भारतीय दूतावास परिवार के संपर्क में है और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

भारत ने की हमले की कड़ी निंदा, सऊदी अरब के साथ दिखाई एकजुटता
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने रियाद हवाई अड्डे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता का समर्थन करते हुए वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता जताई है।

हूतियों की एयरलाइंस को चेतावनी, रियाद में स्कूल ऑनलाइन किए गए
हमले के बाद हूती विद्रोहियों ने मक्का और मदीना के हवाई अड्डों को छोड़कर सऊदी अरब के अन्य सभी हवाई अड्डों व हवाई क्षेत्र का उपयोग न करने के लिए एयरलाइंस और यात्रियों को चेतावनी जारी की है। वहीं, एहतियात के तौर पर सऊदी अधिकारियों ने रियाद के सभी स्कूलों को रविवार से गुरुवार तक ऑनलाइन (रिमोट लर्निंग) मोड पर संचालित करने का निर्णय लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News