पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव, अमेरिका ने 12 देशों में अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 12:15 PM (IST)
Washington: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने 12 देशों में रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सऊदी अरब और यमन के हूती लड़ाकों के बीच जारी संघर्ष के मद्देनजर अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। इसमें ईरान और उसके समर्थित संगठनों से संभावित खतरे को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। अमेरिका ने जिन 12 देशों में अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, उनमें सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, ओमान, ईरान, कतर, इराक, लेबनान, यमन और इजराइल शामिल हैं। एडवाइजरी में अमेरिकी नागरिकों को इन देशों की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।
जो नागरिक पहले से इन देशों में मौजूद हैं, उन्हें स्थानीय प्रशासन और अमेरिकी दूतावास के संपर्क में रहने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ईरान और उसके समर्थित संगठन अमेरिकी नागरिकों, अमेरिकी ठिकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अमेरिकी हितों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को हल्के में नहीं लेने की सलाह दी गई है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और क्षेत्रीय तनाव के बीच अमेरिका की इस चेतावनी को अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
