छत्तीसगढ़ : कांजी हाउस में 11 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों ने थाने में शिकायत की

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 01:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लगे बघेरा गांव के कांजी हाउस में दो दिनों में 11 मवेशियों की मौत का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मवेशियों की मौत के लिए चारा-पानी की कथित अव्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमनी थाने में शिकायत देकर जांच और कारर्वाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को पांच और रविवार को छह मवेशियों की मौत हुई। आरोप है कि मृत मवेशियों के शव कांजी हाउस में पड़े रहने से आसपास दुर्गंध फैलने लगी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिसर में मवेशियों के शव पड़े मिले। पूर्व सरपंच राजेंद्र यदु और अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि फसलों को लावारिस मवेशियों से बचाने के लिए तार से घेराबंदी कर कांजी हाउस बनाया गया था। यहां रखे जाने वाले मवेशियों के चारे-पानी और संचालन के लिए कथित तौर पर प्रत्येक घर से 200 रुपये प्रतिमाह लिए जा रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशि एकत्र किए जाने के बावजूद मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

मवेशियों की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कुछ मवेशियों की मौत हुई थी और उनके शवों को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया था। पूर्व सरपंच राजेंद्र यदु, गोपाल देवांगन, त्रिलोक साहू, चुम्मन साहू और राजेंद्र देवांगन समेत अन्य ग्रामीणों ने सोमनी थाने में शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में सरपंच पति हरीश देशमुख, पंचायत सचिव राजकुमार देवांगन और ग्राम पटेल दुर्जन लाल देवांगन की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कारर्वाई की मांग की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News