10 पुरुषों ने महिला से किया सामूहिक बलात्कार, वीडियो भी बनाया
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 06:59 PM (IST)
दावणगेरे : कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक 41 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर 10 पुरुषों द्वारा सामूहिक बलात्कार की चौंकाने वाली घटना ने व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कारर्वाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना 3 जून को बसवापट्टाना पुलिस स्टेशन क्षेत्र में घटी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुरुषों के एक समूह ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और इस घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड भी किया गया। आरोपियों ने बाद में डिजिटल सबूतों को मिटाने या नष्ट करने का प्रयास किया, जो अब फोरेंसिक जांच का मुख्य केंद्र बिंदु है। पीड़िता ने इस मामले की जानकारी पुलिस को खुद दी थी जिसके बाद एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक एच.टी. शेखर ने स्वयं प्रारंभिक जांच की निगरानी की। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कारर्वाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के कुछ ही दिनों के भीतर सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांचकर्ता घटनाक्रम को पुन: स्थापित करने और कथित वीडियो रिकॉर्डिंग की पुष्टि करने के लिए डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं।
कई मीडिया रिपोटरं में बताया गया है कि नष्ट किये गये डेटा को पुनर्प्राप्त करने और साक्ष्य श्रृंखला को मजबूत करने के लिए साइबर और फोरेंसिक विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि आगे की कारर्वाई जांच के परिणाम पर निर्भर करेगी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता पैदा कर दी है, और आरोपियों को कड़ी सजा देने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग उठाई जा रही है।
