देश में भगदड़ के 10 बड़े हादसों में अब तक 647 लोगों की हो चुकी है मौत

punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2017 - 08:03 PM (IST)

नई दिल्लीः अफवाहों की इस भगदड़ ने मुंबई परेल और एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन के बीच बने फुटओवर ब्रिज पर 22 लोगों का जीवन छींन लिया। ये पहला मौका नहीं है, जब इस तरह का हादसा हुआ हो। पिछले साल भी अक्टूबर के महीने में यूपी के वाराणसी में राजघाट पर इसी तरह की भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई।

ये पुल टूटने की अफवाह और प्रशासन के नाकाफी इंतजाम की वजह से यह हादस हुआ। इसे शरारती तत्वों की हिमाकत कहें या या प्रशासन के बदइंतजामी लेकिन हकीकत ये है कि देशभर में हर साल किसी न किसी जगह इसी तरह के हादसे बदस्तूर जारी है। अगर पिछले 10 बड़े हादसों की बात करें तो अब तक इसकी वजह 647 लोग अपनी जान गवा चुके हैं।  

नैना देवी मंदिर में 160 लोगों की मौत 
3 अगस्त, 2006 को हिमाचल प्रदेश में सबसे बड़ा हादसा हुआ था। यहां नैना देवी मंदिर में भगदड़ मची गई। इस भगदड़ में 160 श्रद्धालु मारे गए थे। इनके अलावा 400 से भी ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

चामुंडा देवी मंदिर में 120 लोगों की मौत
30 सितंबर, 2008 को राजस्थान में जोधपुर के चामुंडा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से करीब 120 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। यहां ये भगदड़ नवरात्रि के त्योहार के दौरान मची थी।

सबरीमला मंदिर में 106 लोगों की मौत 
14 जनवरी, 2011 को केरल में सबरीमाला मंदिर में अब तक की सबसे विकराल भगदड़ थी। इस भगदड़ में 106 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

रत्नगढ़ मंदिर के पास भगदड़ में 89 की मौत
13 अक्टूबर, 2013 को मध्यप्रदेश के दातिया में रत्नगढ़ मंदिर के पास भगदड़ मची। इसमें करीब 89 लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा करीब 100 लोग घायल हो गए थे। ये भगदड़ इस मंदिर के पास एक पुल पर हुई थी।

राम-जानकी मंदिर में 63 लोगों की हुई मौत  
4 मार्च, 2010 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में राम-जानकी मंदिर में भगदड़ मचने से 63 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। ये भगदड़ उस समय मची जब कृपालु महाराज की पत्नी की पुण्यतिथि के मौके पर कपड़े और खाना बांटा जा रहा था ।

नासिक कुंभ में 40 लोगों की हुई थी मौत
27 अगस्त 2003 को नासिक में कुंभ मेले के दौरान पवित्र स्नान के बाद भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 40 लोग मारे गए थे। इनके अलावा 125 श्रद्धालु घायल भी हो गए थे।

इलाहबाद के कुंभ में 36 लोगों की हुई मौत 
10 फरवरी, 2013 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में कुंभ मेले के दौरान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में करीब 36 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 39 लोग घायल हो गए थे।

हर की पौड़ी पर 22 लोगों की हुई थी मौत
8 नवंबर 2011 को हरिद्वार में हर की पौड़ी पर भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में 22 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल भी हो गए।

छठ घाट पर भगदड़ में 20 लोगों की हुई मौत
19 नवंबर, 2012 को बिहार के पटना में अदालत गंज क्षेत्र के एक घाट पर भगदड़ मच गई। ये भगदड़ छठ पूजा के दौरान मची थी। इस घटना में करीब 20 लोगों की मौत हो गई थी। इनके अलावा बड़ी संख्या में लोग घायल भी हो गए थे।

बैद्यनाथ मंदिर में भगदड़ से 11 लोगों की मौत
10 अगस्त, 2015 को देवघर (झारखंड) के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इनके अलावा इस घटना में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए। मरने वालों में 10 पुरुष और 01 महिला शामिल बताई गई। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News