जेलेंस्की ने यूक्रेन में हमलों में पांच लोगों की मौत के बाद रूस की निंदा की

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 11:18 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : रूस द्वारा यूक्रेन के बिजली ग्रिड को रात के दौरान निशाना बनाकर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम पांच लोग मारे गए और 39 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक दिन पहले ही कीव ने घोषणा की थी कि वह एक संघर्षविराम लागू करेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस द्वारा इस सप्ताह के अंत में दो दिनों के लिए एकतरफा युद्धविराम की घोषणा के बाद हमले शुरू करना अत्यंत निंदनीय है।

जेलेंस्की ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''रूस किसी भी क्षण युद्धविराम कर सकता है और इससे युद्ध और हमारी प्रतिक्रियाएं रुक जाएंगी। शांति की आवश्यकता है और इसे हासिल करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। यूक्रेन भी उसी तरह कार्रवाई करेगा।'' यह युद्धविराम प्रस्ताव रूस द्वारा युद्ध के दौरान विभिन्न छुट्टियों - हाल ही में ऑर्थोडॉक्स ईस्टर - के अवसर पर किए गए अल्पकालिक एकतरफा युद्धविरामों की घोषणाओं के एक परिचित स्वरूप के अनुरूप है, जिनका मॉस्को और कीव के बीच गहरे अविश्वास के चलते कोई ठोस परिणाम प्राप्त नहीं होना है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार और शनिवार के लिए यूक्रेन में एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की लेकिन कहा कि अगर यूक्रेन विजय दिवस के उत्सवों में बाधा डालने की कोशिश करता है तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। यह विजय दिवस रूस हर साल 9 मई को मनाता है। जेलेंस्की ने जवाब दिया कि यूक्रेन मंगलवार की समाप्ति के बाद युद्धविराम का पालन करेगा और रूस की कार्रवाई का उसी प्रकार जवाब देगा। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि रूसी सेना ने सोमवार और मंगलवार की रात के दौरान यूक्रेन पर 11 इस्कंदर-एम बैलिस्टिक मिसाइल और 164 ड्रोन दागे, जिनमें जेट-चालित शाहेद ड्रोन का एक प्रकार भी शामिल था।

वायुसेना ने बताया कि वायु रक्षा इकाइयों ने 149 ड्रोन और एक मिसाइल को रोक दिया लेकिन अन्य ड्रोन लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे। वायुसेना ने विस्तार से बताए बिना कहा कि दो बैलिस्टिक मिसाइलें अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँच पाईं। 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुए युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर बार-बार हमले किए हैं। सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्टोगाज़ ग्रुप ने बताया कि रूस ने यूक्रेन के मध्य पोल्टावा और उत्तरपूर्वी खार्किव क्षेत्रों में प्राकृतिक गैस उत्पादन सुविधाओं को निशाना बनाया। कंपनी ने बताया कि साल की शुरुआत से नाफ्टोगाज़ इकाइयों पर 107 बार हमले हो चुके हैं।

जेलेंस्की ने कहा कि पोल्टावा पर हुआ हमला "विशेष रूप से घृणित" था, क्योंकि जब आपातकालीन बचावकर्मी घटनास्थल पर काम कर रहे थे तब रूस ने उसी लक्ष्य पर दूसरी मिसाइल दागी। यूक्रेनी प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेन्को ने कहा कि रूस के मुख्य लक्ष्य ऊर्जा ढांचा, तेल और गैस बुनियादी ढांचा, रेलवे और औद्योगिक स्थल थे। हालांकि हमलों से घरों, व्यवसायों और परिवहन नेटवर्क को भी नुकसान पहुंचा। स्विरिडेन्को ने कहा कि रूस के युद्धविराम प्रस्ताव "केवल बयान बनकर रह गए हैं।''

यूक्रेन ने भी रूसी सीमावर्ती क्षेत्रों पर अपने लंबी दूरी के हमलों की गति जारी रखी, जाहिर तौर पर अधिक तेल इकाइयों को निशाना बनाते हुए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी सेनाओं ने रात भर में रूस के 18 क्षेत्रों में 289 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए। मंत्रालय ने यह भी बताया कि कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप (जिसे रूस ने 2014 में यूक्रेन से छीन लिया था) और आजोव सागर के ऊपर भी ड्रोनों को रोका गया।

ज़ेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन ने रात के दौरान चेबोकसारी में स्थित सैन्य-औद्योगिक परिसर सहित कई लक्ष्यों पर एफ-5 फ्लेमिंगो क्रूज मिसाइलें दागीं। यह परिसर 1,500 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित है। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र रूसी नौसेना, मिसाइल उद्योग, विमानन और बख्तरबंद वाहनों के लिए नेविगेशन उपकरण की आपूर्ति करता था। क्षेत्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चेबोकसारी शहर में यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय गवर्नर अलेक्सांद्र द्रोजदेन्को ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन ने सेंट पीटर्सबर्ग के पास लेनिनग्राद क्षेत्र में किरीशी तेल रिफाइनरी पर भी हमला किया जिससे शहर के औद्योगिक क्षेत्र में आग लग गई। द्रोजदेन्को ने सोशल मीडिया पर बताया कि हमले के दौरान 29 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News