'जल्द ही मर जाएंगे पुतिन और खत्म हो जाएगा युद्ध', रूसी राष्ट्रपति की सेहत पर जेलेंस्की का बड़ा दावा

punjabkesari.in Thursday, Mar 27, 2025 - 02:30 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेहत को लेकर एक गंभीर दावा किया है। उन्होंने कहा है कि पुतिन जल्द ही मर जाएंगे और इससे दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध का भी अंत हो जाएगा। यह टिप्पणी पुतिन की सेहत को लेकर चल रही अफवाहों के बीच आई है।

पेरिस में एक इंटरव्यू के दौरान जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन की सेहत जल्द ही बिगड़ने वाली है और यह एक तथ्य है। बुधवार को फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए जेलेंस्की ने यह भी कहा, "वो (पुतिन) जल्द ही मर जाएंगे, और यह एक तथ्य है। फिर इस युद्ध का भी अंत हो जाएगा।"

पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ महीनों से अफवाहें और अटकलें चल रही हैं। हाल ही में उनके खांसने और उनके शरीर में झटके आने की कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिससे इन अफवाहों को और बल मिला। एक वीडियो में पुतिन को अपने पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु के साथ बैठक करते हुए देखा गया था, जिसमें वह टेबल को पकड़कर बैठे थे और उनकी स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही थी।

कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि पुतिन पार्किंसन रोग और कैंसर से पीड़ित हो सकते हैं, लेकिन इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और क्रेमलिन ने इन अफवाहों का खंडन किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News