किस्मत हो तो ऐसीः महिला ने कूड़े में फैंक दी 11 करोड़ की जीती हुई लॉटरी टिकट, 6 टन कचरे के ढेर से फिर ऐसे मिल गई वापस

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 01:18 PM (IST)

Rome: कहते हैं किस्मत कब पलट जाए, कोई नहीं जानता। इटली में एक महिला के साथ ऐसा ही हुआ, लेकिन उसकी किस्मत ने उसे एक बार नहीं, बल्कि दो बार चौंकाया। महिला ने करीब 11 करोड़ रुपये यानी 10 लाख यूरो की लॉटरी जीत ली थी, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण उसे लगा कि टिकट बेकार है। उसने टिकट कूड़ेदान में फेंक दिया।  बाद में जब पता चला कि वही टिकट करोड़ों का विजेता है, तो उसकी हालत खराब हो गई। कूड़ा उठाया जा चुका था। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने करीब 6 टन कचरे के बीच उस छोटे से टिकट को खोजने के लिए घंटों अभियान चलाया और आखिरकार उसे ढूंढ़ निकाला। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने एक लॉटरी टिकट खरीदा था। कुछ समय बाद वह टिकट का नतीजा देखने के लिए सेल्फ-सर्विस मशीन के पास पहुंची।  लेकिन मशीन में तकनीकी गड़बड़ी थी। स्क्रीन पर ऐसा संदेश दिखाई दिया, जिससे महिला को लगा कि उसके टिकट पर कोई इनाम नहीं निकला है। उसने दोबारा जांच किए बिना टिकट को बेकार समझ लिया और उसे पास के कूड़ेदान में फेंक दिया।

 

महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस टिकट को वह कचरा समझकर फेंक रही है, वही उसे 10 लाख यूरो का इनाम दिलाने वाला है। कुछ देर बाद महिला ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। परिवार के एक सदस्य को शक हुआ कि शायद मशीन ने टिकट को सही तरीके से स्कैन नहीं किया।इसके बाद टिकट की दोबारा जानकारी ली गई। तब सामने आया कि टिकट वास्तव में विजेता था और उस पर 10 लाख यूरो यानी लगभग 11 करोड़ रुपये का इनाम निकला था। यह सुनते ही महिला के होश उड़ गए। वह तुरंत उस दुकान पर पहुंची, जहां उसने टिकट की जांच की थी। लेकिन तब तक कूड़ा उठाया जा चुका था। महिला ने दुकान के कर्मचारियों को पूरी बात बताई। वहां से पता चला कि कूड़ा नगर निगम की गाड़ी में जा चुका है। इसके बाद स्थानीय कचरा प्रबंधन कंपनी SANB के अधिकारियों से संपर्क किया गया। कंपनी के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और महिला की मदद करने का फैसला किया।

 

सबसे पहले यह पता लगाया गया कि दुकान का कूड़ा किस ट्रक में गया था और वह ट्रक इस समय कहां है। ट्रक की पहचान होने के बाद उसे आगे की प्रक्रिया के लिए रोक दिया गया।इसके बाद शुरू हुआ असली अभियान करीब 6 टन कचरे के बीच एक छोटे से लॉटरी टिकट की तलाश। सफाई कर्मचारियों और कचरा प्रबंधन टीम ने कचरे को खंगालना शुरू किया। इतने बड़े ढेर के बीच एक छोटे से कागज के टिकट को ढूंढ़ना बेहद मुश्किल काम था।कई घंटों की तलाश के बाद आखिरकार टीम को वह टिकट मिल गया। जब अधिकारियों ने महिला को बताया कि उसका टिकट मिल गया है, तो वह भावुक हो गई।

 

रिपोर्ट के अनुसार, उसकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि जिस टिकट को वह कुछ समय पहले कूड़ेदान में फेंक चुकी थी, वही वापस उसके हाथ में होगा।  इस घटना के बाद सफाई कर्मचारियों और कचरा प्रबंधन टीम की ईमानदारी की जमकर तारीफ हो रही है।  इतने बड़े इनाम वाले टिकट को कचरे के ढेर में खोजने के बावजूद कर्मचारियों ने उसे अपने पास रखने के बजाय सही मालिक तक पहुंचाने की कोशिश की। उनकी मेहनत के कारण महिला करीब 11 करोड़ रुपये की लॉटरी जीत से हाथ धोने से बच गई। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में कचरे के बीच एक छोटा सा टिकट मिल जाना किसी चमत्कार से कम नहीं था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News