2 साल की बच्ची बजाती है गजब का तबला; बोलने का अंदाज भी शानदार, दुनिया की फटी रह गई आंखें (Video)
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 02:02 PM (IST)
New Delhi: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले की स्वरश्री हेगड़े इन दिनों अपनी अनोखी प्रतिभा के कारण देश-विदेश में खूब चर्चा में हैं। छोटी-सी उम्र, नन्हीं उंगलियां और तबले पर उसकी शानदार पकड़ है। महज 2 साल 10 महीने की उम्र में तबले की 12 ताल बजाने की उपलब्धि ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो पूरी दुनिया के लोगों का दिल जीत रहा है। स्वरश्री हेगड़े कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के होन्नावर की रहने वाली हैं। इतनी कम उम्र में भारतीय शास्त्रीय संगीत के वाद्य तबले पर उनकी पकड़ लोगों को हैरान कर रही है। तबला बजाने के लिए हाथों की सही गति, लय की समझ, एकाग्रता और अभ्यास की जरूरत होती है। जहां इसे सीखने में कई लोगों को वर्षों लग जाते हैं, वहीं स्वरश्री ने तीन साल की होने से पहले ही 12 ताल बजाने की प्रतिभा दिखाई है।
Her name is Swarshri Hegde she is 2 years 10 months old. But at this little age only she has made into India Book of Records for reciting,playing 12 taals in Tabala. She is from Honnavara Uttara Kannada Karnataka. Congratulations to little Swarshri 😍👏💐 https://t.co/U5TjJKT35N
— Adarsh Hegde (@adarshahgd) October 24, 2026
स्वरश्री के वायरल वीडियो में वह जिस आत्मविश्वास और लय के साथ तबला बजाती दिखाई देती हैं, उसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। उनकी छोटी-छोटी उंगलियों की थाप और संगीत के साथ तालमेल देखकर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। भारतीय शास्त्रीय संगीत में ताल का विशेष महत्व है। किसी भी प्रस्तुति में लय बनाए रखने के लिए ताल की समझ जरूरी होती है। ऐसे में इतनी कम उम्र में स्वरश्री की उपलब्धि संगीत प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बन गई है। \स्वरश्री का वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है।
लोग बच्ची की प्रतिभा को उत्तर कन्नड़ के लिए गर्व की बात बता रहे हैं। एक उपयोगकर्ता ने तारीफ करते हुए लिखा कि बच्ची साक्षात देवी का रूप लगती है, जो इतनी कम उम्र में इतनी खूबसूरती से तबला बजा रही है। दूसरे उपयोगकर्ता ने उसके नाम का जिक्र करते हुए कहा कि शायद माता-पिता को पहले ही उसकी प्रतिभा का अंदाजा था, तभी उसका नाम स्वरश्री रखा गया। एक अन्य उपयोगकर्ता ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि लगता है बच्ची अपनी मां के गर्भ से ही तबला बजाना सीखकर आई है। फिलहाल, नन्हीं स्वरश्री का तबला वादन लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है और उनकी उपलब्धि की खूब चर्चा हो रही है।
