उ.कोरिया को घेरने की तैयारी में अमरीका

punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2017 - 04:19 PM (IST)

सियोलः उत्तर कोरिया के सनकी किंग की हरकतों का जबाव देने के लिए अमरीका एक बार फिर अपनी सैन्य गतिविधियों को गति देने जा रहा है। अगले महीने वह दक्षिण कोरिया के साथ फिर से सैन्य अभ्यास करेगा। इसमें अमरीका के विमानवाहक युद्धपोत भाग लेंगे। इससे पहले ही अमरीका के अत्याधुनिक बी-1 बी बमवर्षक विमान कोरियाई प्रायद्वीप में पहुंच जाएंगे और वे युद्धाभ्यास में व्यवधान डालने के किसी भी प्रयास का तत्काल जवाब देने में सक्षम होंगे।

इसी महीने में अमरीका मित्र देशों-दक्षिण कोरिया और जापान के साथ मिलकर मिसाइल चेतावनी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने का अभ्यास करेगा। यह अभ्यास अक्तूबर तक चलेगा। यह सारी कवायद उत्तर कोरिया की सैन्य तैयारियों को देखते हुए की जा रही है। जाहिर है इससे कोरियाई प्रायद्वीप में एक बार फिर से तनाव बढ़ेगा।

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी उत्तर कोरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को विचारणीय विकल्प बता चुके हैं। दोनों ही देशों के शीर्ष स्तर से तल्ख बयान दिये जा चुके हैं। रूस और चीन के नेताओं ने टकराव टालने के लिए बातचीत का विकल्प अपनाए जाने की बात कही है। लेकिन उत्तर कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम को किसी भी स्थिति में रोकने को तैयार नहीं है। वह इसे आत्मरक्षा के लिए जरूरी बता रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News