नाइजर में सैन्य तख्तापलट को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कही ये बात
punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 09:54 PM (IST)

कैनबराः अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को कहा कि नाइजर में सैन्य तख्तापलट के कारण राजनीतिक अस्थिरता है। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिका द्वारा अफ्रीकी राष्ट्र को प्रदान की जाने वाली आर्थिक सहायता को लेकर खतरा है।
सेना ने हाल में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति मोहम्मद बजौम को हिरासत में ले लिया था जिससे देश में राजनीतिक अराजकता पैदा हो गई थी। जनरल अब्दुर्रहमान त्चियानी को उन विद्रोही सैनिकों का नेता घोषित किया गया था जिन्होंने तख्तापलट करते हुए लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति को हिरासत में ले लिया था।
ब्लिंकन इस समय प्रशांत क्षेत्र के दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया में हैं। उन्होंने कहा कि नाइजर की अमेरिका के साथ जारी सुरक्षा और आर्थिक व्यवस्था बजौम की रिहाई और ‘‘नाइजर में लोकतांत्रिक व्यवस्था की तत्काल बहाली'' पर निर्भर है।
ब्लिंकन ने कहा, ‘‘नाइजर के साथ हमारी आर्थिक और सुरक्षा साझेदारी लोकतांत्रिक शासन और संवैधानिक व्यवस्था की निरंतरता पर निर्भर करती है।'' अमेरिकी विदेश मंत्री ने ब्रिस्बेन में कहा कि उन्होंने शनिवार को राष्ट्रपति बजौम से बात की थी।
उन्होंने हालांकि इस संबंध में कोई विवरण नहीं दिया। ब्लिंकन ने कहा कि नाइजर में अमेरिकी दूतावास ने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने साथ ही एक सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए देश में अमेरिकी नागरिकों को अनावश्यक गतिविधियों को सीमित करने और तख्तापलट से प्रभावित क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है।