हिंद महासागर में US का बड़ा ऑपरेशनः वेनेजुएला से भागे तेल टैंकर पर कब्जा, लाखों बैरल तेल जब्त
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 12:43 PM (IST)
Washington: अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में बड़ी समुद्री कार्रवाई करते हुए वेनेजुएला से जुड़े एक तेल टैंकर पर चढ़ाई कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया। इस बात की पुष्टि पेंटागन ने की है।अधिकारियों के अनुसार, पनामा के झंडे वाला टैंकर वेरोनिका III लगभग 20 लाख बैरल कच्चा तेल और फ्यूल ऑयल लेकर जा रहा था। यह तेल वेनेजुएला से जुड़ा बताया जा रहा है, जो लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा है।
Trump Administration's Navy Tracks, Pursues, and Boards Second Sanctioned Venezuelan Crude Carrier in Distant Indian Ocean, Escalating Extraterritorial Seizures to Starve Venezuela's Economy
— The Matrix is Glitching (@TMisGlitching) February 16, 2026
Social Media Accounts: https://t.co/aaKjsN9Yh1 pic.twitter.com/Vxh2ruA8CV
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी में अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़े जाने के बाद कई तेल टैंकर वेनेजुएला के तट से भाग निकले थे। वेरोनिका III भी उसी दिन रवाना हुआ था। पेंटागन का कहना है कि जहाज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेशों और प्रतिबंधों को तोड़ने की कोशिश की। अमेरिकी बलों ने कैरेबियन क्षेत्र से लेकर हिंद महासागर तक हफ्तों इसकी निगरानी की, दूरी कम की और आखिरकार इसे रोक लिया।
एक महीने में दूसरा टैंकर कब्जे में
पेंटागन ने इस ऑपरेशन का वीडियो भी साझा किया है, जिसमें अमेरिकी सैनिक टैंकर पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। यह एक महीने में दूसरा मामला है। इससे पहले एक्विला II नामक जहाज के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। यह पूरी कार्रवाई उन टैंकरों के खिलाफ चलाए जा रहे समुद्री अभियानों का हिस्सा है, जिन पर वेनेजुएला का प्रतिबंधित तेल ढोने का शक है।
वेरोनिका III से जुड़ी अहम जानकारी
शिपिंग ट्रैकर्स के अनुसार, वेरोनिका III पर करीब 20 लाख बैरल कच्चा तेल था। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) की वेबसाइट के मुताबिक, यह जहाज ईरान से जुड़े शिपिंग नेटवर्क के तहत अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में शामिल है। हालांकि, पेंटागन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि जहाज को औपचारिक रूप से जब्त किया गया है या केवल अमेरिकी नियंत्रण में रखा गया है।
