''मुझे ईरान का सुप्रीम लीडर बनने का ऑफर मिला था'' – डोनाल्ड ट्रंप का दुनिया को चौंकाने वाला दावा

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 11:40 AM (IST)

 इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने बयानों से एक बार फिर चर्चा में हैं। रिपब्लिकन पार्टी के एक फंडरेजर कार्यक्रम (NRCC डिनर) के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के नेतृत्व ने उन्हें अनौपचारिक रूप से देश का अगला 'सर्वोच्च नेता' (सुप्रीम लीडर) बनने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

मुझे ईरान का प्रमुख नहीं बनना

ट्रंप ने कार्यक्रम में चुटकी लेते हुए कहा, "दुनिया में कोई भी ऐसा राष्ट्राध्यक्ष नहीं होगा जो ईरान का प्रमुख बनने की इच्छा मुझसे कम रखता हो।" उन्होंने आगे बताया कि बातचीत के दौरान जब उन्हें यह ऑफर दिया गया, तो उनका जवाब सीधा था— "नहीं, धन्यवाद। मैं यह पद नहीं चाहता।"गौरतलब है कि ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि ईरान अमेरिका के साथ युद्धविराम के लिए बेताब है, जबकि तेहरान आधिकारिक तौर पर इन दावों को सिरे से खारिज करता रहा है।

PunjabKesari

ईरान में सत्ता परिवर्तन और खामेनेई की मौत का जिक्र

ट्रंप की यह टिप्पणी उस समय आई है जब वे ईरान में बड़े 'सत्ता परिवर्तन' का दावा कर रहे हैं। पिछले महीने 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान के दौरान ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबरें आई थीं। खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया है, लेकिन वे अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हमलों में घायल हो सकते हैं।

मध्य-पूर्व में 'बड़ी जीत' का दावा

ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को "सैन्य विनाश" करार देते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में बड़ी जीत हासिल कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सरकार समझौता करने के लिए बेताब है, लेकिन वे सार्वजनिक रूप से यह कहने से डर रहे हैं। उन्हें डर है कि या तो उनके अपने लोग उन्हें मार देंगे या फिर हम। जमीनी हकीकत ट्रंप के दावों से अलग दिखती है। तेहरान ने अब तक अमेरिका की किसी भी शर्त पर झुकने या युद्धविराम करने का कोई संकेत नहीं दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News