पेरिस समझौते पर ट्रंप कर सकते हैं अपने निर्णय की घोषणा

punjabkesari.in Thursday, Jun 01, 2017 - 12:01 PM (IST)

वाशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज कहा कि वह कल अपने इस बारे में घोषणा करेंगे कि क्या अमरीका पेरिस जलवायु परिवर्तन समझौते से खुद को अलग करेगा। ट्रंप ने कहा कि वह व्हाइट हाऊस में स्थानीय समयानुसार दिन में 3 बजे (वैश्विक समयनुसार रात 12:30 बजे) फैसले के बारे में एेलान करेंगे।  


पेरिस समझौते पर ट्रंप जल्द करेंगे एेलान
पिछले साल के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने अमरीकी जनता के समक्ष जो मुख्य वादे किए थे उनमें पेरिस समझौते से अमरीका के अलग होने का वादा प्रमुख है। अमरीकी राष्ट्रपति ने ट्वीट किया,‘‘मैं गुरूवार को 3 बजे दिन में पेरिस समझौते पर अपने फैसले का एेलान करूंगा। व्हाइट हाऊस रोज गार्डेन। मेक अमरीका ग्रेट अगेन।’’ ट्रंप की घोषणा का जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई पर दूरगामी असर पड़ने वाला है और खासकर भारत एवं चीन जैसे देशों में इसका असर होगा। 


भारत, रूस और चीन पर साधा था निशाना 
बता दें कि ट्रंप ने भारत, रूस और चीन पर निशाना साधते हुए कहा था कि ये देश प्रदूषण रोकने के लिए कुछ नहीं कर रहे है। वहीं उन्होंने कहा कि इसके लिए अमरीका करोड़ों डॉलर दे रहा है। साथ ही उन्होंने इस बात का इशारा भी दे दिया था कि अमरीका पेरिस जलवायु समझौते से अलग हो सकता है। अब खबर है कि ट्रंप इसका औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। बता दें कि पेरिस समझौते पर 190 से अधिक देशों ने सहमति जताई थी। इसकी पहल इससे पहले के अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने खुद की थी। साथ ही अमरीकी राष्ट्रपति अक्सर कहते हैं कि अमरीका ने पेरिस में ‘सही सौदा’ नहीं किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News