पोलैंड सीमा के पास रूसी ड्रोन ने VIP ट्रेन को बनाया निशाना, दो प्रधानमंत्रियों सहित 200 से ज्यादा यात्री बाल-बाल बचे(Video)

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 01:01 PM (IST)

Kyiv: यूक्रेन में रविवार को एक रूसी ड्रोन हमले ने उस वक्त सनसनी फैला दी, जब पोलैंड की सीमा से महज करीब दो किलोमीटर दूर कीव से वारसॉ जा रही एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाया गया। ट्रेन में 200 से ज्यादा यात्री सवार थे। गनीमत रही कि हमले से पहले उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ड्ट को लेकर चल रही विशेष ट्रेन कुछ ही मिनट पहले उसी इलाके से गुजर चुकी थी।  रिपोर्टों के मुताबिक, बोरिस जॉनसन, कार्ल बिल्ड्ट और कई अन्य विदेशी प्रतिनिधि कीव में आयोजित एक सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होने के बाद ट्रेन से पोलैंड की ओर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान यूक्रेनी रेलवे की सुरक्षा टीम को ड्रोन हमले का अलर्ट मिला।

 

इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था तुरंत सक्रिय की गई और यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। कार्ल बिल्ड्ट ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि जिस यात्री ट्रेन पर हमला हुआ, वह उनकी ट्रेन नहीं थी। उनके मुताबिक, उनकी ट्रेन के गुजरने के कुछ ही मिनट बाद पोलिश सीमा की ओर जा रही दूसरी ट्रेन को निशाना बनाया गया।  उन्होंने समय रहते ट्रेन खाली कराने के लिए यूक्रेनी सुरक्षा व्यवस्था की सराहना भी की। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।यूक्रेनी रेलवे के अनुसार, ड्रोन ने वोलिन क्षेत्र में यात्री ट्रेन के इंजन को निशाना बनाया। यह स्थान पोलैंड की सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर बताया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हमले से पहले ही चालक दल को खतरे की जानकारी मिल गई थी। इसी वजह से यात्रियों को समय रहते ट्रेन से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका। अमेरिकी समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी प्रतिनिधियों को लेकर चल रही विशेष ट्रेन हमले वाले स्थान से पहले ही निकल चुकी थी।

 

सुरक्षा कारणों से उस ट्रेन को निर्धारित समय से पहले रवाना किया गया था। इस यात्रा के दौरान बोरिस जॉनसन और कार्ल बिल्ड्ट के अलावा कई यूरोपीय देशों के वरिष्ठ सुरक्षा और विदेश नीति से जुड़े अधिकारी भी मौजूद थे। रिपोर्टों में जर्मनी के वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकारों के साथ ब्रिटेन, फ्रांस और इटली से जुड़े अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है। पूर्व सीआईए प्रमुख डेविड पेट्रेयस के भी क्षेत्र में मौजूद होने की रिपोर्ट सामने आई है। हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। घटना के बाद बोरिस जॉनसन ने हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में आम नागरिकों और रेलवे कर्मचारियों को लगातार इस तरह के हमलों का सामना करना पड़ रहा है। जॉनसन ने पश्चिमी देशों से यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने यूरोप और ब्रिटेन में जमा रूसी संपत्तियों को यूक्रेन की सहायता के लिए इस्तेमाल करने की संभावना पर भी विचार करने की बात कही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News