दिवाली पर अमेरिका का बड़ा तोहफा: भारतीय कला से सजेगा अमेरिकी डाक टिकट, अक्टूबर में होगा जारी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 09:21 AM (IST)
US Post Office Diwali Stamp : भारतीय संस्कृति और त्योहारों की गूंज अब सात समंदर पार अमेरिका में भी बड़े स्तर पर सुनाई दे रही है। अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) ने दिवाली के त्योहार पर आधारित एक डाक टिकट जारी करने की घोषणा की है। यह टिकट इस वर्ष के अंत में जारी किया जाएगा।
दिवाली के इस डाक टिकट पर ह्यूस्टन की कलाकार संगीता भूटाडा द्वारा बनाई गई रंगोली की आकृति है जिसकी तस्वीर बिनय दीक्षित ने ली थी। यूएसपीएस ने कहा कि रंगोली फर्श पर की जाने वाली एक खूबसूरत कलाकारी है जिसे पारंपरिक रूप से चावल के रंगीन पाउडर, चॉक और फूलों की पंखुड़ियों जैसी सामग्री से बनाया जाता है तथा इसे शुभ माना जाता है।
यूएसपीएस के अनुसार भूटाडा मूल रूप से भारत की रहने वाली हैं और लंबे समय से ह्यूस्टन क्षेत्र में रह रही हैं। वह करीब 30 वर्षों से रंगोली की प्राचीन लोककला से जुड़ी हुई हैं। इस डाक टिकट को जेनिफर अर्नोल्ड ने डिजाइन किया है और विलियम जे. गिकर इसके कला निदेशक हैं।
यूएसपीएस ने बताया कि दिवाली पर आधारित यह डाक टिकट अक्टूबर में जारी किया जाएगा। यूएसपीएस ने कहा, हिंदू पंचांग के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में शामिल दिवाली हर वर्ष शरद ऋतु में मनाई जाती है और यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
दिवाली आमतौर पर पांच दिन तक मनाई जाती है। वर्ष 2026 में त्योहार का मुख्य दिन आठ नवंबर को होगा। यूएसपीएस ने अमेरिकी तटरक्षक बल, क्रिसमस कुकीज, यहूदियों के त्योहार हनुक्का और अफ्रीकी-अमेरिकी संस्कृति के उत्सव क्वांजा पर आधारित डाक टिकट जारी करने की भी घोषणा की है।
