142 साल जीने वाले सऊदी अरब के सबसे उम्रदराज शख्स का निधन, 110 में आखिरी बार बने थे पिता

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 04:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क : सऊदी अरब में सबसे अधिक उम्र तक जीवित रहने का दावा करने वाले नासिर बिन रदान अल राशिद अल वदाई का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका इंतकाल 8 जनवरी को राजधानी रियाद में हुआ। उनके निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।

हजारों लोगों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

जानकारी के मुताबिक, अल वदाई की जनाजे की नमाज धाहरान अल जनूब में अदा की गई, जिसमें करीब 7,000 लोग शामिल हुए। इसके बाद उन्हें उनके पैतृक गांव अल राशिद में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिवार का कहना है कि वे अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें कुल मिलाकर 134 बच्चे और पोते-पोतियां शामिल हैं।

यह भी पढ़ें - जानें 24 कैरेट 10 ग्राम गोल्ड का ताजा रेट

1884 में जन्म, कई दौरों के बने गवाह

स्थानीय मीडिया के अनुसार, अल वदाई का जन्म वर्ष 1884 में हुआ था। यह वह समय था जब सऊदी अरब का मौजूदा रूप भी अस्तित्व में नहीं आया था और दुनिया कई बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही थी। परिवार का दावा है कि उन्होंने सऊदी अरब के संस्थापक किंग अब्दुल अजीज से लेकर मौजूदा शासक किंग सलमान तक का शासनकाल देखा।

110 साल की उम्र में आखिरी शादी

अल वदाई की जिंदगी कई मायनों में खास रही। परिवार के मुताबिक, उन्होंने 110 साल की उम्र में आखिरी बार निकाह किया था और इसके बाद उनके यहां एक बेटी भी पैदा हुई। धार्मिक जीवन में भी वे बेहद सक्रिय रहे और बताया जाता है कि उन्होंने अपने जीवन में 40 से ज्यादा बार हज यात्रा की थी।

उम्र को लेकर उठे सवाल

हालांकि, अल वदाई की बताई जा रही उम्र को लेकर विशेषज्ञों ने सवाल भी उठाए हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में छपी रिपोर्ट्स के अनुसार, उम्र बढ़ने पर रिसर्च करने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि 140 साल से ज्यादा जीना बेहद दुर्लभ और लगभग असंभव माना जाता है। उनका कहना है कि 100 साल के बाद हर साल जीवन की संभावना काफी कम हो जाती है।

यह भी पढ़ें - राजनीति में हलचल! BJP के इस वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस में वापसी का किया ऐलान, बताई ये अहम वजह

सबसे ज्यादा उम्र जीने का रिकॉर्ड

अब तक के आधिकारिक और सत्यापित रिकॉर्ड के मुताबिक, दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र तक जीने वाली महिला फ्रांस की जीन कैलमेंट थीं, जिनकी उम्र 122 साल दर्ज की गई थी। इसके अलावा जापान की काने तनाका जैसी हस्तियों के नाम भी लंबी उम्र के लिए जाने जाते हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News