थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष रुकेगा, अहम बैठक के लिए मलेशिया बना बिचौलिया
punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 07:37 PM (IST)

International Desk: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव को खत्म करने के लिए अब मलेशिया में शांति वार्ता होने जा रही है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को यह बड़ी जानकारी दी। थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई और कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर सोमवार को इस महत्वपूर्ण वार्ता में हिस्सा लेंगे। थाई पीएम कार्यालय के प्रवक्ता जिरायु हुआंगसाप ने बताया कि यह बातचीत क्षेत्र में शांति प्रयासों को लेकर होगी।
क्यों बढ़ा तनाव?
दरअसल, थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर पिछले दिनों हालात बिगड़ गए। बृहस्पतिवार को सीमा पर एक सुरंग में विस्फोट हुआ, जिसमें थाईलैंड के पांच सैनिक घायल हो गए। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव और गोलीबारी की खबरें आईं। इसी को लेकर अब मलेशिया में तीसरे पक्ष की मध्यस्थता में वार्ता होने जा रही है।
कंबोडिया ने पुष्टि नहीं की
थाईलैंड के प्रवक्ता ने बताया कि हुन मानेट इस बैठक में शामिल होंगे, लेकिन कंबोडिया सरकार की तरफ से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी माना जा रहा है कि दोनों पक्ष शांति की कोशिशों को मौका देना चाहते हैं।
मलेशिया की बड़ी भूमिका
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सक्रिय कूटनीति कर रहे हैं। थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ASEAN के सदस्य हैं, ऐसे में मलेशिया इस विवाद को जल्द शांत करना चाहता है।