UAE में गार्ड की नौकरी करने वाले युवक की निकली₹78 करोड़ की लॉटरी, 5 दोस्तों संग खरीदा था टिकट
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 03:11 PM (IST)
78 Crore Jackpot UAE: कहते हैं कि ऊपर वाला जब भी देता है, तो छप्पर फाड़ कर देता है। यह कहावत नेपाल के रहने वाले 25 साल के तैय्यब खान पर बिल्कुल सच साबित हुई। UAE की राजधानी अबू धाबी में एक मामुली सी Security Guard के रूप में काम करने वाले तैय्यब की जिंदगी रातों-रात बदल गई है। तैय्यब और उनके दोस्तों ने मिलकर अबू धाबी में पूरे 78 करोड़ रुपये (30 मिलियन दिरहम) का बंपर जैकपॉट जीता है।
₹1300 के कंट्रीब्यूशन ने बनाया करोड़पति
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, तैय्यब खान अकेले यह टिकट खरीदने की स्थिति में नहीं थे क्योंकि उनकी सैलरी बेहद मामूली थी। ऐसे में उन्होंने अपने 4 अन्य दोस्तों के साथ मिलकर लॉटरी का टिकट खरीदा। टिकट की कुल कीमत के लिए सभी 5 दोस्तों ने 50-50 दिरहम (लगभग 1300 रुपये) का योगदान दिया था। जीत के बाद सभी दोस्तों ने पूरी ईमानदारी दिखाते हुए इनाम की रकम को आपस में बराबर-बराबर बांट लिया। इस तरह हर एक दोस्त के हिस्से में करीब 15-15 करोड़ रुपये आए हैं।
जब खुली किस्मत, तब नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे तैय्यब
दिलचस्प बात यह है कि बीते 27 मई को जब इस जैकपॉट का लाइव ड्रॉ निकाला जा रहा था, तब दुनिया भर के लाखों लोग स्क्रीन पर नजरें गड़ाए बैठे थे। लेकिन तैय्यब खान उस समय बकरीद की छुट्टी के दौरान अपनी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी को पूरी शिद्दत से निभा रहे थे।

ड्यूटी के दौरान ही उन्हें ईमेल के जरिए इस महा-जीत की सूचना मिली। तैय्यब को पहले भी छोटे-मोटे इनाम मिलते रहे थे, इसलिए शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझा। लेकिन जब उन्होंने ईमेल को ध्यान से पढ़ा और रकम देखी, तो उनके होश उड़ गए। तसल्ली के लिए उन्होंने तुरंत जैकपॉट एजेंसी को फोन किया और इस बात की पुष्टि की कि वे वाकई करोड़पति बन चुके हैं। तैय्यब खान ने कहा, "हम कुल 5 दोस्त हैं जो फेसबुक पर विज्ञापन देखने के बाद साल 2024 से लगातार पैसे मिलाकर टिकट खरीद रहे थे। हर हफ्ते नंबर चुनने की बारी अलग दोस्त की होती थी। कई महीनों की कोशिश के बाद आखिरकार हमारी मेहनत रंग लाई।"
अब क्या हैं तैय्यब के फ्यूचर प्लान्स?
पिछले 4 साल से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे तैय्यब अब इस नौकरी को अलविदा कह रहे हैं। करोड़पति बनने के बाद तैय्यब ने बताया कि वे सालों पहले अपने चाचा की मदद से यूएई आए थे। जब उन्होंने इस जीत की खबर अपने चाचा और परिवार को दी, तो खुशी के मारे उनकी आंखों में आंसू आ गए। तैय्यब सबसे पहले नेपाल में अपने परिवार के लिए एक आलीशान घर खरीदेंगे। हालांकि तैय्यब का फिलहाल नेपाल लौटने का कोई इरादा नहीं है। वे UAE में ही प्रॉपर्टी मार्केट में निवेश करना चाहते हैं और दुबई में एक फ्लैट खरीदने की ख्वाहिश रखते हैं। अपने सपनों को पूरा करते हुए तैय्यब एक शानदार Mahindra Thar गाड़ी और एक महंगी Rolex घड़ी भी खरीदना चाहते हैं।
