चीन की धमकियां बेअसर ! ताइवान ने नए एयर डिफेंस डोम का किया ऐलान, हथियारों पर करेगा अरब डॉलर खर्च
punjabkesari.in Wednesday, Nov 26, 2025 - 12:06 PM (IST)
International Desk: ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने बुधवार को कहा कि वह हथियारों की खरीद के लिए 40 अरब अमेरिकी डॉलर का एक विशेष बजट पेश करेंगे। इसमें ताइवान डोम नामक एक वायु-रक्षा प्रणाली का निर्माण भी शामिल होगा, जो उच्च स्तरीय खोज और अवरोधन क्षमता से लैस होगी। यह निर्णय ताइवान पर उसके रक्षा खर्च में बढ़ोतरी करने के अमेरिका के दबाव के बीच लिया जा रहा है। यह बजट आठ वर्षों - 2026 से 2033 तक चरणबद्ध रूप से खर्च किया जाएगा। यह घोषणा उस समय की गयी है जब लाई पहले ही ताइवान के रक्षा खर्च को उसके सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के पांच प्रतिशत तक बढ़ाने का संकल्प व्यक्त कर चुके हैं।
फिलहाल, ताइवान ने 2026 के लिए अपने रक्षा बजट को बढ़ाते हुए 31.18 अरब अमेरिकी डॉलर आवंटित किए हैं, जो कुल रक्षा व्यय को 3.3 प्रतिशत तक ले जाएगा। लाई ने बुधवार को ‘वाशिंगटन पोस्ट' में लिखे एक लेख में इस घोषणा का पूर्वावलोकन किया था, जिसमें कहा गया कि यह विशेष बजट अमेरिका से हथियार खरीदने में इस्तेमाल किया जाएगा। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री वेलिंगटन कू ने बुधवार को कहा कि 40 अरब अमेरिकी डॉलर इस विशेष बजट की अधिकतम सीमा है। इसका उपयोग सटीक तरीके से लक्ष्य को भेदने वाली मिसाइलें खरीदने और ताइवान तथा अमेरिका के बीच उपकरणों एवं प्रणालियों के संयुक्त विकास और खरीद पर किया जाएगा।
