सऊदी अरब ने पाकिस्तानी लड़कियों से शादी पर लगाया बैन

punjabkesari.in Saturday, Mar 20, 2021 - 02:35 PM (IST)

दुबईः खुद को मुसलमानों का नया कप्तान बनाने पर तुले इमरान खान को सऊदी अरब ने फिर से दुत्कार दिया है। सऊदी अरब ने अपने देश के युवाओं को पाकिस्तानी लड़कियों से शादी न करनेका आदेश दिया है। सऊदी अरब में इसके लिए एक कानून भी बना दिया है जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि सऊदी अरब के युवा पाकिस्तान की लड़कियों से शादी नहीं कर सकते हैं। सऊदी अरब ने पाकिस्तान के साथ 3 और देशों की लड़कियों से शादी करने पर प्रतिबंध का ऐलान किया है। जिसमें बांग्लादेश, म्यांमार और अरेबिक देश चाड शामिल है। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक सऊदी अरब ने इन चार देशों की लड़कियों से सऊदी अरब के युवाओं को शादी नहीं करने के लिए कहा है।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, इस वक्त इन चारों देशों के करीब 5 लाख लड़कियां सऊदी अरब में रह रही हैं, जिनमें से कई लड़कियों से सऊदी अरब के युवा शादी करना चाहते हैं लेकिन अब उनकी शादी पर सरकार ने कानूनी अड़चनें लगा दी हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार मक्का पुलिस डायरेक्टर मेजर जनरल असफ अल कुरैसी ने कहा है कि अब सऊदी के युवाओं को इन देशों की लड़कियों से शादी करने के लिए काफी कानूनी मशक्कत करनी पड़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी सरकार के इस कदम का मकसद सऊदी अरब के युवाओं को विदेशी लड़कियों से शादी करने के मामले में कमी लाना है। सऊदी सरकार नहीं चाहती है कि उसके युवा पाकिस्तान या बांग्लादेश की लड़कियों से शादी करे।

 

वहीं, किसी और देश की लड़कियों से शादी करने के लिए कुछ नियम बनाए गए हैं। अब अगर किसी सऊदी युवा को किसी विदेश लड़की से शादी करनी है तो उसे पहले सऊदी सरकार से इजाजत लेनी होगी। शादी करने से पहले मैरिज एप्लिकेशन जमा करना पड़ेगा और सरकार से इजाजत मिलने बाद ही वो युवा किसी बाहरी देश की लड़की से शादी कर सकता है।  रिपोर्ट के मुताबिक अगर सऊदी अरब में कोई शख्स शादीशुदा है और वो विदेशी लड़की से शादी करना चाहता है, तो उसके लिए उसे शादी के पीछे की वजह बतानी पड़ेगी। जिसमें उसे अस्पताल के डॉक्टर से लिखवाकर देना होगा कि उसकी बीवी विकलांग है या फिर किसी बीमारी से पीड़ित है और इसीलिए वो दूसरी शादी करना चाहता है। इसके अलावा अगर किसी शख्स की पत्नी बांझ है तो डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर वो दूसरी लड़की से शादी कर सकता है।

 

बता दें कि सऊदी अरब पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बार बार जलील करता रहता है। पहले सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अपने विमान से बीच रास्ते में ही उतार दिया था और फिर पाकिस्तान को दिया गया कर्ज 3 बिलियन डॉलर तुरंत वापस करने को कहा था, जिसे पाकिस्तान ने चीन से कर्ज लेकर दिया था। भीख मांगने के बावजूद पाकिस्तान की अकड़न खत्म नहीं होती है और बार बार जलील होता रहता है। अब सऊदी अरब ने कहा है कि उसके युवा पाकिस्तानी लड़कियों से शादी नहीं कर सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News