यूक्रेन के ट्रेनिंग कैंप पर रूस का बड़ा अटैक, 200 सैनिकों के मारे जाने का दावा
punjabkesari.in Wednesday, Jul 30, 2025 - 07:42 PM (IST)

International Desk: रूस ने मिसाइल से यूक्रेन की सेना के प्रशिक्षण मैदान को निशाना बनाया और इस हमले में कम से कम तीन सैनिकों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। करीब साढ़े तीन साल से जारी युद्ध में सैनिकों की भारी कमी को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों के लिए ये एक बड़ा झटका है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में लगभग 200 यूक्रेनी सैनिक मारे गए या घायल हुए। मंत्रालय ने कहा कि चेर्निहीव क्षेत्र में होन्चारिव्स्के के पास यूक्रेन के 169वें प्रशिक्षण केंद्र पर दो मिसाइलें दागी गईं।
रूस ने यूक्रेनी नागरिक ठिकानों पर भी हवाई हमले किए है। यूक्रेन की वायु सेना ने बुधवार को बताया कि उसने रात भर में हमलावर 78 ड्रोन दागे। हमले में कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र मिशन का कहना है कि इस वर्ष रूसी हमलों में हताहत हुए नागरिकों की संख्या में वृद्धि हुई है, 2025 के पहले छह महीनों के भीतर 6,754 नागरिक मारे गए या घायल हुए और ये 2024 की इसी अवधि की तुलना में 54 प्रतिशत तक अधिक है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 24 फरवरी 2022 को रूस द्वारा पड़ोसी यूक्रेन पर हमला शुरू किया और इसके बाद से 716 बच्चों सहित कम से कम 13,580 यूक्रेनी नागरिक मारे जा चुके हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध को रोकने के प्रयास में मंगलवार को कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शांति प्रयासों में प्रगति के लिए आठ अगस्त तक का समय दे रहे हैं। समय सीमा तक यह नहीं रुका तो अमेरिका दंडात्मक प्रतिबंध और कर लगाएगा। यूक्रेनी सैन्य ठिकानों पर पिछले पांच महीनों में यह चौथा घातक हमला है। आधिकारिक रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले के तीन हमलों में कम से कम 46 सैनिक मारे गए थे और 160 से अधिक घायल हुए थे।