पुतिन का एटमी प्लान! क्या दुनिया पर मंडरा रहा परमाणु युद्ध का खतरा?

Monday, Feb 28, 2022 - 07:33 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः रूस की मीडिया ने बड़ा दावा किया है। रूसी मीडिया ने बताया कि उनके देश ने यूक्रेन पर हमला करने के लिए परमाणु युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। इसको लेकर रूसी रक्षा मंत्री जनरल सर्गेई शोइगु ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जानकारी दी है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि रूस की उत्तरी (नॉर्दन) और प्रशांत (पेसेफिक) बेड़े की सामरिक मिसाइल कमांड को भी अलर्ट पर रखा गया है।

यूक्रेन में रूस के हमले के चलते नाटो के "आक्रामक बयानों" के बाद रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन रविवार को ही देश के परमाणु प्रतिरोध बलों को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश दे चुके हैं। इससे पहले, यूके के विदेश सचिव लिज़ ट्रस ने चेतावनी दी थी कि अगर रूस को "यूक्रेन में" नहीं रोका गया, तो स्थिति नाटो के साथ संघर्ष बढ़ सकता है।

मालूम हो कि युद्ध की शुरुआत से ही रूसी राष्ट्रपति पुतिन नाटो देशों को लगातार परमाणु हमले की धमकी दे रहे हैं। बीते गुरुवार को ही पुतिन ने यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों को सख्त धमकी देते हुए कहा कि अगर बाहर के किसी भी देश ने बीच में दखल दिया तो उसे ऐसे परिणाम भुगतने होंगे जो उसने आजतक इतिहास में कभी देखा भी नहीं होगा और सोचा भी नहीं होगा। दुनिया में सबसे ज्यादा 5 हजार 977 परमाणु हथियार रूस के पास हैं। बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला कर दिया और दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है।

Yaspal

Advertising