अमेरिका में लगे भारतीय नागरिकों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर

punjabkesari.in Friday, Nov 03, 2017 - 02:07 PM (IST)

वाशिंगटन: अमेरिका में एशियन-अमेरिकन स्कूल बोर्ड के दो उम्मीदवारों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बनाकर लिखे गये पोस्टकार्ड लेटर बॉक्स के जरिये न्यूजर्सी के कई लोगों तक पहुंचने से शहर में समुदाय के सदस्यों के बीच भारी आक्रोश पैदा हो गया है।

न्यूजर्सी में एडिसन सिटी के निवासियों को उनके लेटर बॉक्स में इस सप्ताह अज्ञात पत्र मिले जिनमें स्कूल बोर्ड के उम्मीदवार भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक फाल्गुनी पटेल और चीनी मूल के अमेरिकी नागरिक जेरी शी को देश से वापस भेजने की मांग की गयी थी और दावा किया गया था कि चीनी और भारतीय मूल के लोग इस शहर पर अपना अधिकार जमाना चाहते हैं।

‘‘मेक एडिसन ग्रेट अगेन’’ के बैनर तले इस पोस्टकार्ड में जेरी और फाल्गुनी के चेहरे की तस्वीर के साथ ‘‘डिपोर्ट’’ (देश से वापस भेजो) का ठप्पा लगा है। एडिसन में रहने वाले कई लोगों तक लेटर बॉक्स के जरिये पहुंचे पोस्टकार्ड में लिखा है कि जेरी शी और फाल्गुनी पटेल को हमारे स्कूल बोर्ड पर अधिकार जमाने से रोका जाए। पत्रों में कहा गया है कि चीनी एवं भारतीय हमारे शहर पर कब्जा कर रहे हैं। बस... अब और नहीं, बहुत हुआ!

भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि इस तरह की नस्ली टिप्पणी वाले पत्रों के बारे में सुनकर वह हैरान हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश प्रवासियों का देश है और हमारा राष्ट्रीय परिवेश सम्पन्न एवं विभिन्न संस्कृतियों के हर उस व्यक्ति के धागे से बुना है जो अमेरिका के स्वप्न को पूरा करने में यकीन रखते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News