'पिछले 12 साल में 35 गुना बढ़ा एक्सपोर्ट और भारत बना दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता', फ्रांस में भारतीय समुदाय से बोले PM मोदी

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 06:00 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस की अपनी यात्रा के दौरान भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और देश की बदलती तस्वीर का प्रभावशाली खाका पेश किया है। अपनी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भारत के लोकतंत्र की ही ताकत है, जिसने एक 'चाय वाले' को चुनकर देश की सेवा करने का यह सौभाग्य प्रदान किया है।

आंकड़ों में दिखी भारत की तरक्की: 35 गुना बढ़ा निर्यात
प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारत का निर्यात (एक्सपोर्ट) 35 गुना बढ़ गया है। उन्होंने मोबाइल क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि देश में मोबाइल बनाने वाली यूनिट्स में 100 गुना की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल बनाने वाला देश बन चुका है। वर्तमान में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।

बुनियादी सुविधाओं से 'स्मार्ट लिविंग' की ओर बढ़ता भारत
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि यह भारत की आकांक्षाओं का एक नया युग है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता केवल बुनियादी सुविधाओं से संतुष्ट नहीं है; जहां बिजली पहुंची है, वहां लोग अब 'स्मार्ट लिविंग' चाहते हैं और जहां रेल व हाइवे पहुंचे हैं, वहां जनता हाई स्पीड कनेक्टिविटी व वर्ल्ड क्लास एक्सप्रेसवे की मांग कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंटरनेट के विस्तार के बाद अब भारतीय युवा एआई (AI) और डिजिटल इनोवेशन में वैश्विक नेतृत्व चाहते हैं।

140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास ही असली उपलब्धि
अपनी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सबसे बड़ी सफलता 140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास है। उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा बड़े सपने देख रहा है, किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है और देश की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। पीएम मोदी के अनुसार, यह कालखंड केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि भारत की आकांक्षाओं को नई बुलंदी देने का समय रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News