स्वीडन में गूंजा भारत का डंका: PM मोदी को मिला सर्वोच्च सम्मान, ''रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार'' से नवाजा
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 10:09 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक साख में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। स्वीडन की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को वहां के प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक सम्मान 'रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें भारत और स्वीडन के बीच संबंधों को मजबूती देने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
A reaffirmation of friendship!
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) May 17, 2026
Her Royal Highness Crown Princess Victoria of Sweden conferred upon PM @narendramodi the ‘Royal Order of the Polar Star, Degree Commander Grand Cross’ in recognition of his exceptional contribution to the 🇮🇳-🇸🇪 relationship and his visionary… pic.twitter.com/PwyK2YIiaF
प्रधानमंत्री का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के नाम दर्ज अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में 31वां सम्मान है। उल्लेखनीय है कि 'रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार' किसी भी सरकार के प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। इस पुरस्कार की ऐतिहासिकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी स्थापना वर्ष 1748 में की गई थी। स्वीडन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह सम्मान स्वीडिश हितों के लिए किए गए विशेष कार्यों, सार्वजनिक गतिविधियों में योगदान और सरकारी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने के लिए दिया जाता है।

हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर स्वीडन के गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पहुंचे। वहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने खुद हवाई अड्डे पर मौजूद रहकर मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठकों से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक सहयोग और अधिक प्रगाढ़ होगा।
