नॉर्वे में युद्धाभ्यास के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त, 4 अमेरिकी सैनिकों की मौत

punjabkesari.in Sunday, Mar 20, 2022 - 07:13 AM (IST)

हेलसिंकीः नॉर्वे में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के युद्धाभ्यास के दौरान एक विमान दुर्घटना में चार अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर और रक्षा अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इस अभ्यास का यूक्रेन युद्ध से कोई लेना-देना नहीं है। जोनास स्टोर ने ट्वीट कर कहा कि शुक्रवार की रात हुई इस दुर्घटना में अमेरिका के चार सैनिकों की मौत हो गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन नॉर्वे की पुलिस ने उस इलाके में खराब मौसम की जानकारी दी है। 

उन्होंने ट्वीट किया, “अमेरिका के यह सैनिक नाटो के एक संयुक्त युद्धाभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। हम मारे गए सैनिकों के परिवारों, सगे-संबंधियों और साथियों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं।' नॉर्वे की सेना के मुताबिक, दुर्घटना का शिकार हुआ विमान अमेरिकी नौसेना का वी-22बी ऑस्प्रे विमान था। नार्वे की सेना की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, विमान में चालक दल के कुल चार लोग सवार थे और यह उत्तर नार्वे के नार्डलैंड काउंटी में एक प्रशिक्षण अभियान में हिस्सा ले रहा था। 

नॉर्वे ने कहा कि यह विमान ‘कोल्ड रिस्पांस' सैन्य अभ्यास में भाग ले रहा था। इस अभ्यास के तहत नाटो के सदस्य देशों के सैनिक भीषण ठंड के बीच नॉर्वे की सेना के साथ ‘‘प्रशिक्षण और संचालन'' कर रहे थे। नॉर्वे के मुताबिक इस अभ्यास का यूक्रेन युद्ध से कोई संबंध नहीं है और इसकी योजना काफी पहले बना ली गयी थी।

विमान बोडो के उत्तर में अपने रास्ते पर था, जहां इसे शुक्रवार शाम छह बजे शाम से पहले उतरना था। लेकिन विमान बोडो के दक्षिण में बेयर्न में ग्रेटाडालेन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने कहा कि तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है। शनिवार को तड़के डेढ़ बजे पुलिस दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में कामयाब रही थी और उन्होंने चालक दल के चार सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि की है। 

अमेरिकी नौसेना ने भी एक ट्वीट करके कहा, ‘‘हम नौसेना के 22बी ऑस्प्रे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि करते हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जैसे ही अतिरिक्त जानकारी मिलती है, हम उपलब्ध कराएंगे।''  नॉर्वे के समाचार पत्र वीजी ने रेड क्रॉस के सदस्यों के हवाले से खबर दी है कि घटनास्थल पर शनिवार की सुबह भी मौसम बहुत खराब था। नॉरलैंड पुलिस के ऑपरेशन मैनेजर उवार बो निल्सन ने संवाददाताओं को बताया कि मौसम बहुत ही खराब है, जिससे घटनास्थल पर जांच कार्य पूरा करने में बहुत दिक्कत हो रही है, लेकिन जैसे ही मौसम ठीक होता है, पुलिस अपना काम दोबारा शुरू कर देगी।

इस साल के अभ्यास में 27 देशों के लगभग 30,000 सैनिक, 220 विमान और 50 जहाज शामिल हैं। गैर-नाटो सदस्य फिनलैंड और स्वीडन भी भाग ले रहे हैं। अभ्यास 14 मार्च को शुरू हुआ और एक अप्रैल को समाप्त होगा। दुर्घटना का कोई कारण नहीं बताया गया था, लेकिन नॉर्वे की सेना ने कहा कि अभ्यास ‘कोल्ड रिस्पांस' योजना के अनुसार जारी रहेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News