साल 2025 की पहली तिमाही में लाखों पाकिस्तानियों ने छोड़ा देश, गिनती कर देगी हैरान
punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 11:33 AM (IST)

Islamabad: इस वर्ष की पहली तिमाही में 172,000 पाकिस्तानी काम के लिए पाकिस्तान छोड़कर विदेश गए हैं, जिनमें से लगभग 100,000 सामान्य श्रमिक हैं। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। आव्रजन एवं विदेशी रोजगार ब्यूरो (बीआईएंडओई) ने अपनी वेबसाइट पर 2025 के पहले तीन महीनों में देश से बाहर जाने वाले पाकिस्तानियों का विवरण अपडेट किया है। सबसे ज्यादा 121,190 पाकिस्तानी कामगार सऊदी अरब जबकि 8,331 ओमान और 6,891 संयुक्त अरब अमीरात गए हैं। कतर में 12,989 पाकिस्तानियों को काम मिला जबकि 939 पाकिस्तानी बहरीन गए हैं। इसके अलावा 1,454 पाकिस्तानी ब्रिटेन, 870 तुर्किये, 815 यूनान, 775 मलेशिया, 592 चीन, 350 अजरबैजान, 264 जर्मनी, 257 अमेरिका, 109 इटली और 108 जापान गए हैं।
पेशेवर श्रेणी के अनुसार विदेश जाने वाले सबसे अधिक 99,139 लोग सामान्य श्रमिक हैं। कुशल श्रमिकों में 38,274 वाहन चालक, 1,859 राजमिस्त्री, 2,130 इलेक्ट्रीशियन, 1,689 रसोइये, 3,474 तकनीशियन और 1,058 वेल्डर शामिल हैं। पेशेवरों व्यक्ति भी विदेश गए जिनमें 849 चिकित्सक और 1,479 इंजीनियर शामिल हैं। इसके अलावा, 390 नर्स और 436 शिक्षक भी विदेश गए हैं। देश से बड़ी संख्या में लोगों के विदेश जाने का विवरण ऐसे समय में सामने आया है जब सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने पहले प्रवासी पाकिस्तानी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रतिभाशाली व्यक्तियों पलायन की धारणा को खारिज कर दिया।
उन्होंने वैश्विक पाकिस्तानी प्रवासियों की सराहना करते हुए उन्हें देश का दूत और चमकता सितारा बताया था। उन्होंने मंगलवार को कहा था, “आप सिर्फ विदेश में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं - आप इस महान राष्ट्र की प्रतिभा, सहनशीलता का प्रदर्शन कर रहे हैं। अपना सिर गर्व से ऊंचा रखें, क्योंकि आप एक महान और शक्तिशाली देश से ताल्लुक रखते हैं।”