मोदी की रूस यात्रा: भारत और रूसी झंडे के रंगों की रोशनी से जगमग हुआ ओस्तांकिनो टीवी टॉवर

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2024 - 05:55 AM (IST)

मॉस्कोः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मास्को की दो दिवसीय यात्रा शुरू करने के बीच रूस की राजधानी के महत्वपूर्ण स्थलों में से एक ओस्तांकिनो टेलीविजन टॉवर भारत और रूस के झंडों के रंगों की रोशनी से जगमगा उठा। 

ओस्तांकिनो टीवी टॉवर 1,771 फुट (540 मीटर) ऊंचा है और यह दुनिया का चौथा सबसे ऊंचा और यूरोप का अपनी तरह का सबसे ऊंचा टॉवर है। इस टॉवर को 1967 में प्रसिद्ध सोवियत इंजीनियर निकोलाई निकितिन की देखरेख में बनवाया गया था। रूस में सबसे ऊंची स्वतंत्र इमारत के रूप में, यह रूसी प्रसारण का एक प्रसिद्ध प्रतीक है, साथ ही यह मॉस्को में एक प्रसिद्ध और दर्शनीय स्थल है।

इससे पहले, रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की और उनका औपचारिक स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि मांतुरोव हवाई अड्डे से मोदी को उनके होटल तक छोड़ने उनके साथ गए। रूसी राजधानी पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी मोदी का भव्य स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने तस्वीरों के साथ ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘मॉस्को में एक यादगार स्वागत! मैं भारतीय समुदाय को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देता हूं।'' यह 2019 के बाद से मोदी की यह पहली रूस यात्रा है। फरवरी 2022 में यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार मोदी रूस की यात्रा पर आए हैं। प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ लेने के बाद भी मोदी की यह पहली मॉस्को यात्रा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News