नाइजीरिया में सैन्य अड्डे पर ISIS आतंकियों का बड़ा हमला; 10 सैनिकों की मौत, 25 से ज्यादा आतंकी ढेर

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 05:06 PM (IST)

Abuja: नाइजीरिया के पूर्वोत्तर हिस्से में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादियों ने एक सैन्य अड्डे पर हमला कर दिया, जिसमें कई सैनिक मारे गए। सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। नाइजीरिया की सेना ने एक बयान में बताया कि इस्लामिक स्टेट से जुड़े संगठन 'इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविन्स' (ISWAP) के आतंकवादियों ने मंगलवार को बोर्नो प्रांत के कुकावा इलाके में स्थित सैन्य अड्डे पर हमला किया। सेना के अनुसार, सैनिकों ने हमले को नाकाम कर दिया, लेकिन इस दौरान कुछ सैनिक मारे गए।

 

सेना ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में ''25 से अधिक आतंकवादी'' मारे गए और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अपना नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर समाचार एजेंसी 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि हमले में 10 सैनिक मारे गए। अधिकारी ने यह जानकारी दी, क्योंकि उन्हें पत्रकारों से बात करने की अनुमति नहीं थी। सेना के प्रवक्ता कैप्टन मोहम्मद गोनी ने बताया कि बड़ी संख्या में आतंकवादियों ने ''चार अलग-अलग दिशाओं से'' 101वीं विशेष बल बटालियन के सैनिकों पर हमला किया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News