नेपाल में आज आम चुनाव, ''जेन जेड'' के विरोध प्रदर्शनों के बाद पहला चुनाव

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 01:44 AM (IST)

काठमांडूः नेपाल में पिछले साल हुये 'जेन जेड' प्रदर्शन के बाद बृहस्पतिवार को यहां आम चुनाव कराया जाएगा, जिसमें देश के 1.89 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पिछले साल हिंसक 'जेन जेड' प्रदर्शन के बाद नेपाल में प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। 

अधिकारी ने बताया कि जेन जेड प्रदर्शन के बाद पहली बार हो रहे आम चुनाव में देश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधि सभा के लिये 6500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। 

मतदान बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतपेटियों को एकत्रित करने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। चुनाव की पूर्व संध्या पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय और उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया। 

उन्होंने कहा कि नेपाल सेना के समन्वय से एक एकीकृत सुरक्षा योजना के तहत 300,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भंडारी ने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी पक्षों से सहयोग भी मांगा। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में मतपेटियों को जिला मुख्यालयों तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News