पाकिस्तान में आतंक का कहर: पुलिस थाने पर धावा व बैंकों को फूंका, एक लड़के की मौत
punjabkesari.in Tuesday, Jul 01, 2025 - 06:39 PM (IST)

Peshawar: पाकिस्तान में आतंकवादियों ने पुलिस थाने पर हमला किया, बैंकों में आग लगायी क्वेटा (पाकिस्तान), एक जुलाई (एपी) अशांत दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में बंदूकों और रॉकेट से लैस कई आतंकवादियों ने एक पुलिस थाने पर हमला कर दिया और दो बैंकों में आग लगा दी, जिसमें एक लड़के की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय सरकारी प्रशासक जान मोहम्मद ने बताया कि बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुए हमलों के दौरान हमलावरों ने आम नागरिकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक लड़के की मौत हो गई।
मोहम्मद ने कहा कि सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में कुछ आतंकवादी भी मारे गए। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि हमलावरों की तलाश के लिए एक सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया गया है। अभी किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी या बीएलए पर शक है, जो अक्सर बलूचिस्तान तथा अन्य क्षेत्रों में सुरक्षाबलों तथा आम नागरिकों पर हमले करती है। अमेरिका ने 2019 में बीएलए को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी समूहों की हिंसा का केंद्र रहा है, जो केंद्रीय सरकार से आजादी की मांग कर रहे हैं। यह प्रांत पाकिस्तानी तालिबान और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े आतंकवादियों का गढ़ भी माना जाता है।