पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: फिदायीन धमाके से दहला सुरक्षा पोस्ट, 3 पुलिसकर्मियों की मौत

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 05:00 AM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में शनिवार देर रात आतंकवादियों ने एक सुरक्षा चेकपोस्ट को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया,। इस आत्मघाती हमले और उसके बाद हुई भारी गोलीबारी में कम से कम 3 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि सुरक्षा चौकी पूरी तरह ढह गई और आसपास के घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

धमाके के बाद ड्रोन से हमला और घात लगाकर वार
खुफिया सूत्रों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों ने पहले बारूद से भरी एक कार को चेकपोस्ट के पास उड़ा दिया। इसके तुरंत बाद हथियारबंद आतंकी परिसर में घुस गए और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हमले के दौरान आतंकियों ने ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। जब अतिरिक्त पुलिस बल मदद के लिए मौके पर पहुँचे, तो आतंकियों ने उन पर घात लगाकर हमला किया, जिससे कई लोग हताहत हुए हैं।

अस्पतालों में इमरजेंसी, ऑपरेशन जारी
घटना के बाद बन्नू के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी जाहिद खान के मुताबिक इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और पूरी तबाही का मंजर लड़ाई खत्म होने के बाद ही साफ हो पाएगा।

आतंकी संगठन 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन' ने ली जिम्मेदारी
इस कायराना हमले की जिम्मेदारी 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन' नामक आतंकी गठबंधन ने ली है। यह हमला अफगानिस्तान सीमा से सटे इलाके में हुआ है, जिससे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है। गौरतलब है कि पाकिस्तान अक्सर काबुल पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि तालिबान इसे पाकिस्तान का आंतरिक मुद्दा बताकर आरोपों को खारिज करता आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News