पेरू के नाज्का में बड़ा विमान हादसा, प्लेन में सवार पर्यटकों समेत सभी 13 लोगों की मौके पर मौ'त
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 06:05 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिणी पेरू के विश्व प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल 'नाज्का लाइन्स' (Nazca Lines) की सैर करा रहा एक छोटा पर्यटक विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पेरू के परिवहन और संचार मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, मृतकों में जर्मनी, इटली और स्पेन के 11 विदेशी पर्यटक और चालक दल के 2 सदस्य शामिल थे।
कहां हुआ हादसा
यह हादसा नाज्का शहर से लगभग 6 किलोमीटर और मुख्य नाज़का लाइन्स स्थल से करीब 19 किलोमीटर दूर 'सोकोस' (Socos) नामक क्षेत्र में हुआ। दुर्घटनाग्रस्त विमान स्थानीय एयरलाइन 'एयरोडियाना' (Aerodiana) का सेसना कारवां C-208 (Cessna Caravan C-208) था। विमान ने दोपहर करीब 12:10 बजे पिस्को हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।
🚨BREAKING🚨: 13 KILLED IN TOURIST PLANE CRASH OVER PERU'S NAZCA LINES 🇵🇪
— TheIndependent (@WeIndependent0) August 1, 2026
A small tourist plane carrying 11 passengers and two pilots crashed during a sightseeing flight over Peru's Nazca Lines, killing all 13 people on board, according to Peruvian authorities. pic.twitter.com/dwSFDEEt1E
आपातकालीन संदेश के बाद टूटा संपर्क
दोपहर लगभग 1:00 बजे, चालक दल ने नाज़का हवाई अड्डे के कंट्रोल टॉवर को एक आपातकालीन स्थिति (Emergency Situation) की सूचना दी थी। इसके तुरंत बाद विमान का रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, क्रैश होने के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिससे किसी को भी बचाना असंभव हो गया। दमकल कर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और शुरुआती बचाव कार्य शुरू किया।
जांच जारी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रेगिस्तानी मैदानों में विमान का धुआं निकलता मलबा देखा जा सकता है। पेरू सरकार ने इस हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना की सही वजह अज्ञात है। एयरलाइन कंपनी एयरोडियाना ने कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार अपने उड़ान कार्यक्रम का आकलन करेगी।
खराब मौसम और तेज़ हवाओं का था साया
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को इस क्षेत्र में 40 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही तेज़ हवाओं के कारण उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था। धूल उड़ने के कारण दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई थी, जिसके चलते कुछ अन्य विमानों को अपना रास्ता बदलना पड़ा था।
नाज्का लाइन्स, जो रेगिस्तान में विशाल रेखाचित्रों और आकृतियों के लिए मशहूर है, पेरू का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां हर साल लगभग 1 लाख पर्यटक छोटे विमानों के जरिए इन आकृतियों को देखने आते हैं।
