Congo Boat Accident: कांगो में बड़ा हादसा, नौका पलटने से 50 लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2024 - 07:42 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: मध्य अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में किवु झील में बृहस्पतिवार को सैकड़ों यात्रियों को ले जा रही एक नौका के पलट जाने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नौका पर कितने लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने बचाव सेवाओं को पानी से कम से कम 50 शव निकालते देखा। उन्होंने बताया कि 10 लोग बचा लिए गए और उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नौका पर क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। किटुकू बंदरगाह से कुछ मीटर की दूरी पर नौका डूब गई। यह घटना उस वक्त हुई जब नौका दक्षिण किवु प्रांत के मिनोवा से उत्तर किवु प्रांत के गोमा जा रही थी।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। दुर्घटना के बाद दक्षिण किवु प्रांत के गवर्नर जीन-जैक्स पुरुसी ने एक स्थानीय रेडियो स्टेशन को बताया, ‘‘नौका पर करीब 100 लोग सवार थे, जबकि इसकी क्षमता लगभग 30 यात्रियों की थी।'' जून में, राजधानी किंशासा के पास एक नौका के डूबने से 80 यात्रियों की जान चली गई। जनवरी में, माई-नडोम्बे झील में नौका डूबने से 22 लोगों की मौत हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News